Follow

नगर निकाय चुनाव को लेकर हरियाणा कांग्रेस ने जारी किया घोषणा पत्र

न्यूज़म ब्यूरो
चंडीगढ़। हरियाणा प्रदेश कांग्रेस कमेटी ने आगामी नगर निकाय चुनावों के मद्देनज़र रविवार को चंडीगढ़ स्थित प्रदेश कांग्रेस कार्यालय में पार्टी का चुनावी घोषणा पत्र जारी किया। घोषणा पत्र को हरियाणा प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष श्री राव नरेंद्र सिंह तथा हरियाणा के पूर्व मुख्यमंत्री एवं नेता प्रतिपक्ष चौधरी भूपेंद्र सिंह हुड्डा ने संयुक्त रूप से जारी किया।
इस अवसर पर घोषणा पत्र समिति की चेयरपर्सन एवं विधायक गीता भुक्कल, समिति के सदस्य विधायक बीबी बत्रा एवं आफताब अहमद, पूर्व विधायक जसवीर मालोर, संजीव भारद्वाज, सतीश तेजली, तरुण चुघ, पंचकूला नगर निगम से कांग्रेस की मेयर प्रत्याशी सुधा भारद्वाज तथा अंबाला से पार्टी प्रत्याशी कुलविंदर कौर विशेष रूप से उपस्थित रहीं।
कार्यक्रम का संचालन गीता भुक्कल ने किया। उन्होंने घोषणा पत्र की प्रमुख बातों पर प्रकाश डालते हुए कहा कि कांग्रेस का यह संकल्प पत्र शहरों के समग्र विकास, पारदर्शी प्रशासन, जनसुविधाओं के विस्तार तथा भ्रष्टाचार मुक्त व्यवस्था की दिशा में एक मजबूत कदम है।
प्रदेश अध्यक्ष राव नरेंद्र सिंह ने कहा कि नगर निकाय चुनावों में कांग्रेस पार्टी जनता के बीच विकास, जवाबदेही और जनहित के मुद्दों को लेकर जा रही है। उन्होंने विश्वास जताया कि प्रदेश की जनता कांग्रेस की नीतियों और जनहितकारी सोच को भरपूर समर्थन देगी।
उन्होंने कहा कि कांग्रेस का संकल्प स्पष्ट है—
कांग्रेस का वादा, काम होगा ज्यादा
हर घर में होगा विश्वास, हर वार्ड में होगा विकास
भ्रष्टाचार मिटाएंगे, पारदर्शिता लाएंगे
राव नरेंद्र सिंह ने कहा कि यह घोषणा पत्र केवल वादों का दस्तावेज नहीं, बल्कि जनता की अपेक्षाओं और शहरों के सुनहरे भविष्य का रोडमैप है।
वहीं नेता प्रतिपक्ष चौधरी भूपेंद्र सिंह हुड्डा ने कहा कि यह घोषणा पत्र आम जनता की समस्याओं, जरूरतों और सुविधाओं को ध्यान में रखकर तैयार किया गया है। भाजपा शासनकाल में शहरों और निकायों की स्थिति बद से बदतर होती जा रही है। जनता मूलभूत सुविधाओं के अभाव में परेशान है और भ्रष्टाचार चरम सीमा पर पहुंच चुका है।
उन्होंने कहा कि एक घोटाले की आग अभी ठंडी भी नहीं होती कि दूसरा घोटाला सामने आ जाता है। कांग्रेस हमेशा जनमानस की भावनाओं को समझकर योजनाबद्ध तरीके से कार्य करती है। हमारा संकल्प है कि जब कांग्रेस प्रत्याशी जीतकर आएंगे तो इसी घोषणा पत्र के अनुरूप कार्य करेंगे, अपने सभी वादों को पूरा करेंगे तथा शहरों को आधुनिक, सुविधा संपन्न और सुंदर बनाने की दिशा में ठोस कदम उठाएंगे।

पढ़ने के लिए धन्यवाद

आपका समय और भरोसा हमारे लिए बहुत मायने रखता है। अगर यह खबर आपके लिए उपयोगी रही, तो हमसे जुड़े रहें — हर ज़रूरी खबर के लिए Newsam को फ़ॉलो करें।

Advertisement
Tap to Refresh