Follow

हरियाणा बजट 2026-27 महिलाओं के सशक्तिकरण की दिशा में ऐतिहासिक कदम : सांसद रेखा शर्मा

Listen to this article

न्यूज़म ब्यूरो

पंचकूला, 3 मार्च : राज्यसभा सांसद रेखा शर्मा ने हरियाणा सरकार द्वारा प्रस्तुत वित्त वर्ष 2026-27 के बजट का स्वागत करते हुए इसे महिला सशक्तिकरण, सुरक्षा और आत्मनिर्भरता की दिशा में एक दूरदर्शी एवं प्रभावी बजट बताया है।

सांसद रेखा शर्मा ने कहा कि मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी द्वारा प्रस्तुत यह बजट महिलाओं के सर्वांगीण विकास को केंद्र में रखकर तैयार किया गया है। बजट में महिला सुरक्षा को सुदृढ़ करने हेतु नए महिला पुलिस थानों की स्थापना तथा साइबर अपराधों से निपटने के लिए विशेष व्यवस्थाओं की घोषणा अत्यंत सराहनीय है। इससे प्रदेश की बेटियों और महिलाओं को सुरक्षित वातावरण और त्वरित न्याय सुनिश्चित होगा।

Advertisement

उन्होंने विशेष रूप से 14-15 वर्ष की किशोरियों को निःशुल्क HPV टीकाकरण उपलब्ध कराने के निर्णय का स्वागत करते हुए कहा कि यह कदम भविष्य में सर्वाइकल कैंसर जैसी गंभीर बीमारियों से बचाव सुनिश्चित करेगा और महिला स्वास्थ्य को दीर्घकालिक सुरक्षा प्रदान करेगा।

आर्थिक सशक्तिकरण पर बोलते हुए सांसद रेखा शर्मा ने कहा कि ‘लाडो लक्ष्मी योजना’ के विस्तार तथा ‘पिंक कैब’ जैसी पहलों से महिलाओं को स्वरोजगार और उद्यमिता के नए अवसर प्राप्त होंगे। महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने के उद्देश्य से उठाए गए ये कदम प्रदेश की अर्थव्यवस्था को भी सशक्त करेंगे।

सांसद ने कहा कि यह बजट केवल घोषणाओं तक सीमित नहीं है, बल्कि महिलाओं को विकास की मुख्यधारा से जोड़ने का एक ठोस संकल्प है। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि इन पहलों से हरियाणा महिला नेतृत्व, सुरक्षा और सामाजिक प्रगति के क्षेत्र में देश के अग्रणी राज्यों में अपनी पहचान और मजबूत करेगा।

अंत में उन्होंने कहा कि “जब महिला सशक्त होती है, तो परिवार, समाज और राष्ट्र सशक्त होता है। हरियाणा का यह बजट इसी सोच को साकार करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।

 

What are your Feelings
Advertisement
Tap to Refresh