Follow

सरकारी स्तर पर मनाई जाएगी गुरु ब्रह्मानंद जयंती, मुख्यमंत्री नायब सिंह होंगे मुख्य अतिथि : हरविन्द्र कल्याण

Listen to this article

23 दिसंबर के आयोजन को लेकर चंडीगढ़ में वरिष्ठ अधिकारियों के साथ बैठक कर बनाई विस्तृत योजना

चंडीगढ़, 16 दिसंबर : हरियाणा विधानसभा अध्यक्ष हरविन्द्र कल्याण महान संत गुरु ब्रह्मानंद की जयंती को भव्य, गरिमामय एवं जनभागीदारी से परिपूर्ण बनाने के लिए बड़े स्तर पर तैयारियां कर रहे हैं। इस सिलसिले में उन्होंने मंगलवार को विधान सभा सचिवालय में सूचना एवं जनसंपर्क विभाग के महानिदेशक पार्थ गुप्ता, कैथल की जिला उपायुक्त अपराजिता, विभाग की अतिरिक्त निदेशक वर्षा खंगवाल समेत वरिष्ठ अधिकारियों के साथ बैठक कर आयोजन को भव्य बनाने के लिए विस्तृत रूपरेखा बनाई। इससे पूर्व वे करनाल, कैथल, पानीपत, कुरुक्षेत्र सहित अनेक जिलों में स्थान-स्थान पर बैठकें कर चुके हैं। इस जयंती समारोह में प्रदेश के मुख्यमंत्री नायब सिंह मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे।

गुरु ब्रह्मानंद जयंती इस वर्ष 23 दिसंबर को कैथल जिले के चूहड़ माजरा गांव में सरकारी स्तर पर मनाई जाएगी। यह आयोजन सामाजिक समरसता, आध्यात्मिक चेतना और गुरु परंपरा के प्रति सम्मान का प्रतीक होगा। इस सिलसिले में गत 11 दिसंबर को विधान सभा अध्यक्ष हरविन्द्र कल्याण की अगुवाई में अनेक संत-महात्माओं, विधायकों, पूर्व विधायकों एवं समाज के गणमान्य व्यक्तियों ने मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी से मुलाकात कर जयंती समारोह का निमंत्रण दिया। इस दौरान समारोह को सफल एवं ऐतिहासिक बनाने को लेकर भी व्यापक विचार-विमर्श हुआ।

Advertisement

वि.स. अध्यक्ष ने इस समारोह की तैयारियों को लेकर घरौंडा, इसराना, इंद्री, नीलोखेड़ी, कुरुक्षेत्र, करनाल, असंध तथा पुंडरी में बैठकों की अध्यक्षता कर चुके हैं। इन बैठकों में सामाजिक संगठनों, जनप्रतिनिधियों और स्थानीय कार्यकर्ताओं से व्यापक सुझाव लिए गए हैं, ताकि आयोजन जनभावनाओं के अनुरूप एवं सुव्यवस्थित रूप से संपन्न हो सके। इस कार्य में विधान सभा अध्यक्ष को विधायक सतपाल जांबा, देवी दर्शना जी, हरियाणा सरकार में चेयरमैन धर्मवीर मिर्जापुर, पूर्व मुख्य संसदीय सचिव सुलतान जडौला, पूर्व विधायक रणधीर गोलन, मक्खन सिंह, तेजवीर सिंह, कलीराम पटवारी, अखिल भारतीय रोड़ महासभा के प्रधान बलकार सिंह, जिला परिषद चेयरमैन कर्मवीर कौल, अशोक गुर्जर आदि का विशेष सहयोग प्राप्त हो रहा है।

इस अवसर पर विधान सभा अध्यक्ष कल्याण ने कहा कि गुरु ब्रह्मानंद केवल एक संत नहीं, बल्कि सामाजिक समरसता और मानवता के महान पथप्रदर्शक थे। उन्होंने नारी शिक्षा, महिला सशक्तिकरण व पर्यावरण आदि विषयों पर वर्षों पहले समाज को जागरूक किया। संत महापुरुष किसी एक जाति धर्म के नहीं न होकर पूरे समाज व मानवता के लिए होते हैं। इसलिए आज उनकी शिक्षाओं को जन-जन तक पहुंचाना लोकहित में है। राज्य सरकार द्वारा महापुरुषों की जयंतियों को सरकारी स्तर पर मनाने का उद्देश्य भी उनके विचारों को समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना है।  

स्पीकर कल्याण ने संत समाज, सामाजिक संगठनों और सर्व समाज के लोगों से अपील की, कि वे इस पावन अवसर पर बढ़-चढ़कर भाग लें और गुरु ब्रह्मानंद की शिक्षाओं को अपने जीवन में आत्मसात करें।

 

What are your Feelings
Advertisement
Tap to Refresh