Follow

राज्यपाल कटारिया ने डड्डू माजरा डंपिंग ग्राउंड का किया निरीक्षण, कचरा निस्तारण में तेजी और पर्यावरण पुनर्स्थापन पर दिया जोर

चंडीगढ़, 15 दिसंबर : पंजाब के राज्यपाल एवं यूटी चंडीगढ़ के प्रशासक गुलाब चंद कटारिया ने आज डड्डू माजरा डंपिंग ग्राउंड का दौरा कर ठोस अपशिष्ट प्रबंधन की वर्तमान स्थिति की समीक्षा की तथा पर्यावरण एवं जनस्वास्थ्य से जुड़ी समस्याओं के समाधान हेतु किए जा रहे प्रयासों का जायजा लिया। 
  

 

राज्यपाल ने पुराने कचरे को हटाने के लिए अपनाई जा रही बायो-माइनिंग तथा अन्य वैज्ञानिक प्रक्रियाओं की प्रगति की भी समीक्षा की। अधिकारियों ने बताया कि वर्तमान में तीन एमआरएफ केंद्र कचरे के पृथक्करण एवं प्रसंस्करण का कार्य कर रहे हैं, जिससे नए कचरे के ढेर नहीं बन रहे हैं, जबकि मौजूदा कचरे के पहाड़ को हटाने का कार्य निरंतर जारी है।
 
दौरे के दौरान अधिकारियों ने माननीय राज्यपाल को अवगत कराया कि फरवरी माह से स्थल पर कोई भी नया कचरा नहीं डाला जा रहा है तथा समस्त कचरा अब मटेरियल रिकवरी फैसिलिटी (एमआरएफ) केंद्रों में वैज्ञानिक तरीके से प्रसंस्करण हेतु भेजा जा रहा है।
 
 

हालांकि, पुराने कचरे के निस्तारण की धीमी गति पर चिंता व्यक्त करते हुए माननीय राज्यपाल ने कहा कि आसपास रहने वाले लोगों को अब भी स्वास्थ्य एवं पर्यावरण संबंधी समस्याओं का सामना करना पड़ रहा है। 
 
 

Special Offer
ADVERTISEMENT
 
Advertisement

 
राज्यपाल ने निर्देश दिए कि डंपिंग ग्राउंड क्षेत्र को हरित क्षेत्र के रूप में विकसित किया जाए तथा व्यापक वृक्षारोपण के माध्यम से पर्यावरण में सुधार एवं चंडीगढ़ की हरित आच्छादन क्षमता को बढ़ाया जाए। इसके साथ ही उन्होंने संबंधित विभागों को कचरा निस्तारण कार्य में तेजी लाने के निर्देश दिए।
 

 

इसके पश्चात राज्यपाल ने ट्रांसपोर्ट नगर तथा सेक्टर-26 स्थित सब्जी मंडी का भी दौरा किया। उन्होंने क्षेत्र में यातायात प्रबंधन सुदृढ़ करने, सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित करने, स्वच्छता बनाए रखने तथा उपयोगकर्ताओं के लिए पर्याप्त स्वच्छता सुविधाएं उपलब्ध कराने पर बल दिया।
 
सब्जी मंडी के दौरे के दौरान राज्यपाल ने व्यापारियों से संवाद कर उनकी समस्याएं सुनीं और अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए।
 

 
इस अवसर पर हरप्रीत कौर बबला महापौर चंडीगढ़; एच. राजेश प्रसाद मुख्य सचिव चंडीगढ़ प्रशासन; विवेक प्रताप सिंह राज्यपाल के प्रधान सचिव; मंदीप सिंह बराड़ गृह सचिव; निशांत यादव उपायुक्त; अमित कुमार नगर आयुक्त; सी. बी. ओझा मुख्य अभियंता तथा चंडीगढ़ प्रशासन के अन्य वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित थे। 
 
Advertisement
Tap to Refresh