Follow

‘वार्षिक पर्व मिलन’ कार्यक्रम में राज्यपाल गुलाब चंद कटारिया ने संकल्प IAS के पूर्व छात्र/अलुमनाई को किया सम्मानित

न्यूज़म ब्यूरो

चंडीगढ़, 13 जनवरी : पंजाब के राज्यपाल एवं चंडीगढ़ के प्रशासक गुलाब चंद कटारिया ने आज पंजाब लोक भवन में आयोजित ‘वार्षिक पर्व मिलन’ समारोह के दौरान संकल्प IAS चंडीगढ़ के चयनित अभ्यर्थियों एवं विभिन्न सिविल सेवाओं में सेवारत पूर्व छात्रों को सम्मानित किया। यह कार्यक्रम संकल्प IAS द्वारा सिविल सेवाओं में सफलता प्राप्त अभ्यर्थियों एवं सेवा में कार्यरत अधिकारियों के सम्मान हेतु आयोजित किया गया।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए राज्यपाल ने कहा कि सिविल सेवक संविधानिक मूल्यों के संरक्षक होते हैं तथा राज्य एवं नागरिकों के बीच महत्वपूर्ण सेतु का कार्य करते हैं। उन्होंने जनकल्याण केंद्रित सुशासन में सत्यनिष्ठा, पारदर्शिता एवं मानवीय दृष्टिकोण की महत्ता पर बल देते हुए जिम्मेदार एवं नैतिक सिविल सेवक तैयार करने में संस्थानों एवं मार्गदर्शकों की भूमिका की सराहना की।

Advertisement

राज्यपाल ने IAS, IPS, IRS, IIS, HCS, PCS एवं AETC सहित विभिन्न सेवाओं में कार्यरत 20 अधिकारियों को सम्मानित किया और उनके उत्कृष्ट योगदान एवं सेवा-भाव की प्रशंसा की।

राज्यपाल ने संकल्प IAS के संकाय सदस्यों एवं मार्गदर्शकों की भी सराहना की, जिन्होंने विद्यार्थियों में अनुशासन, शैक्षणिक उत्कृष्टता एवं सार्वजनिक सेवा के मूल्यों का विकास किया। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि यह संस्थान राष्ट्र निर्माण की दिशा में अपनी महत्वपूर्ण भूमिका जारी रखेगा।

संकल्प IAS चंडीगढ़ के अध्यक्ष चरनजीत राय ने जानकारी दी कि संस्थान द्वारा अब तक UPSC एवं अन्य प्रतियोगी परीक्षाओं में कुल 133 अभ्यर्थियों का चयन कराया जा चुका है। हाल ही में घोषित PCS परीक्षा परिणामों का उल्लेख करते हुए उन्होंने बताया कि 18 अभ्यर्थियों में से 13 का चयन हुआ है, जो संस्थान के लिए गर्व का विषय है।

इस अवसर पर जोधपुर (राजस्थान) से पधारे महामुनि रामदास जी, हरियाणा विधानसभा के पूर्व अध्यक्ष जी चंद गुप्ता, पंजाब के राज्यपाल के प्रमुख सचिव वी.पी. सिंह, संजय टंडन, थापर विश्वविद्यालय पटियाला के निदेशक टी. पदम नायर सहित अन्य नागरिक एवं अधिकारी उपस्थित थे।

 

पढ़ने के लिए धन्यवाद

आपका समय और भरोसा हमारे लिए बहुत मायने रखता है। अगर यह खबर आपके लिए उपयोगी रही, तो हमसे जुड़े रहें — हर ज़रूरी खबर के लिए Newsam को फ़ॉलो करें।

Advertisement
Tap to Refresh