हरियाणा के यात्रियों की सुविधा के लिए अहम कदम
न्यूज़म ब्यूरो
नई दिल्ली/पंचकूला : राज्यसभा सांसद रेखा शर्मा ने आज राज्यसभा में जनहित से जुड़े एक महत्वपूर्ण विषय को उठाते हुए ट्रेन संख्या 09639/09640 मदार (अजमेर) – रोहतक स्पेशल ट्रेन को स्थायी रूप से दैनिक ट्रेन के रूप में संचालित करने की मांग की। उन्होंने कहा कि यह मुद्दा विशेष रूप से हरियाणा के हजारों यात्रियों की सुविधा और क्षेत्रीय कनेक्टिविटी से जुड़ा हुआ है।
सदन में बोलते हुए उन्होंने कहा कि यह ट्रेन हरियाणा और राजस्थान के बीच महत्वपूर्ण रेल संपर्क का माध्यम है। विशेष रूप से हरियाणा के रेवाड़ी, नारनौल, झज्जर और रोहतक जैसे प्रमुख जिलों के लोगों के लिए यह ट्रेन शिक्षा, रोजगार, व्यापार तथा धार्मिक यात्राओं के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही है। बड़ी संख्या में छात्र, नौकरीपेशा लोग, व्यापारी तथा श्रद्धालु इस मार्ग पर प्रतिदिन यात्रा करते हैं।

रेखा शर्मा ने कहा कि वर्तमान में यह ट्रेन “स्पेशल” श्रेणी में संचालित होने के कारण यात्रियों को इसकी निरंतरता को लेकर हमेशा अनिश्चितता बनी रहती है तथा आरक्षण सुविधाएँ भी सीमित रहती हैं। इसके कारण यात्रियों को कई बार अलग-अलग ट्रेनों के माध्यम से लंबी और असुविधाजनक यात्रा करनी पड़ती है, जिससे न केवल उनका समय अधिक लगता है बल्कि आर्थिक बोझ भी बढ़ता है।
उन्होंने कहा कि हरियाणा के इन क्षेत्रों के लोगों की लंबे समय से यह मांग रही है कि इस ट्रेन को स्थायी रूप से दैनिक सेवा में परिवर्तित किया जाए। इस ट्रेन में लगातार बढ़ती यात्री संख्या, उच्च ऑक्यूपेंसी और क्षेत्रीय महत्व को देखते हुए इसे डेली इंटरसिटी सुपरफास्ट एक्सप्रेस के रूप में परिवर्तित किया जाना पूरी तरह से न्यायसंगत और आवश्यक है।

रेखा शर्मा ने रेल मंत्री से आग्रह करते हुए कहा कि इस ट्रेन को आधुनिक एलएचबी रेक के साथ पर्याप्त जनरल, सेकंड सिटिंग, स्लीपर और एसी चेयर कार कोचों के साथ स्थायी रूप से चलाया जाए, ताकि हरियाणा और राजस्थान के यात्रियों की बढ़ती मांग को प्रभावी रूप से पूरा किया जा सके।
उन्होंने यह भी कहा कि इस निर्णय से हरियाणा और राजस्थान के बीच क्षेत्रीय कनेक्टिविटी को नई मजबूती मिलेगी। साथ ही शिक्षा, रोजगार और व्यापार से जुड़े यात्रियों को बड़ी सुविधा प्राप्त होगी तथा अजमेर सहित राजस्थान के प्रमुख धार्मिक स्थलों की यात्रा करने वाले श्रद्धालुओं को भी लाभ मिलेगा।
रेखा शर्मा ने विश्वास व्यक्त किया कि इस पहल से हरियाणा के लाखों नागरिकों को सीधा लाभ मिलेगा और क्षेत्र के सामाजिक एवं आर्थिक विकास को भी गति मिलेगी।
उन्होंने रेल मंत्री से आग्रह किया कि हरियाणा की जनता की इस लंबे समय से चली आ रही मांग को ध्यान में रखते हुए इस विषय में शीघ्र सकारात्मक निर्णय लिया जाए।