सत्ता के अहंकार में डूबी भाजपा सरकार की हार हुई, युवाओं के जज्बे को सलाम – दिग्विजय चौटाला
दिग्विजय चौटाला ने जंतर-मंतर पर छात्रों के साथ तिरंगा लहराकर मनाया युवाओं की जीत का जश्न
न्यूज़म ब्यूरो
नई दिल्ली, 25 जुलाई। केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे पर जननायक जनता पार्टी के युवा प्रदेश अध्यक्ष दिग्विजय सिंह चौटाला ने कहा है कि आज सत्ता के अहंकार में डूबी भाजपा सरकार की हार हुई है और युवाओं के संघर्ष की जीत हुई है। उन्होंने कहा कि सत्ता में बैठे जो लोग जिद्द पर अड़े हुए थे, उन्हें आज झुकना पड़ा है, यही लोकतंत्र की खूबी है और प्रजातंत्र में देर है अंधेर नहीं। दिग्विजय ने कहा कि सरकार अपनी नाकामियों से मुंह नहीं छिपा कर भाग नहीं सकती है, जवाब तो देने ही पड़ेंगे। शनिवार को केंद्रीय शिक्षा मंत्री के इस्तीफे की खबर मिलने के बाद दिग्विजय सिंह चौटाला ने दिल्ली के जंतर-मंतर पर आंदोलनरत छात्रों के साथ तिरंगा लहराकर युवाओं की जीत का जश्न मनाया और सभी संघर्षरत युवाओं को इस ऐतिहासिक जीत की बधाई दी।
दिग्विजय ने कहा कि इस संघर्ष की शुरुआत से ही जेजेपी छात्रों के साथ मजबूती से खड़ी रही। उन्होंने कहा कि 17 जुलाई को पूर्व उपमुख्यमंत्री दुष्यंत चौटाला, वे खुद तथा जेजेपी के अन्य वरिष्ठ नेताओं ने दिल्ली के जंतर-मंतर पहुँचकर शिक्षा व्यवस्था में सुधार की मांग को लेकर भूख हड़ताल पर बैठे सोशल एक्टिविस्ट सोनम वांगचुक से मुलाकात की थी। इस दौरान उन्होंने उनके आंदोलन का समर्थन करते हुए उनका हौसला बढ़ाया और शिक्षा के मुद्दों पर युवाओं के संघर्ष के साथ मजबूती से खड़े रहने का भरोसा दिलाया था। इसके बाद 20 जुलाई को छात्रों के संसद मार्च में वे बड़ी संख्या में जेजेपी और इनसो के युवा साथियों के साथ दिल्ली पहुंचे और छात्रों के संघर्ष की पहली पंक्ति में डटकर खड़े रहे। दिग्विजय ने कहा कि संसद मार्च के दौरान छात्रों पर हुई बर्बरता ने उन्हें भीतर तक झकझोर दिया। इसके विरोध में उन्होंने अपने गृह क्षेत्र सिरसा में भी जंतर-मंतर की तर्ज पर अनिश्चितकालीन धरने की शुरुआत की, जहां हजारों युवाओं और छात्रों ने उनके साथ कंधे से कंधा मिलाकर इस संघर्ष को और अधिक मजबूत किया।
पढ़ने के लिए धन्यवाद
आपका समय और भरोसा हमारे लिए बहुत मायने रखता है। अगर यह खबर आपके लिए उपयोगी रही, तो हमसे जुड़े रहें — हर ज़रूरी खबर के लिए Newsam को फ़ॉलो करें।