न्यूज़म ब्यूरो
चंडीगढ़, 1 फरवरी। केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण द्वारा प्रस्तुत केंद्रीय बजट 2026-27 पर प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए भाजपा के राष्ट्रीय सचिव व हरियाणा के पूर्व कृषि मंत्री चौधरी औमप्रकाश धनखड़ ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के विकसित भारत के संकल्प को साकार करने की दिशा में एक दूरदर्शी, संतुलित और जनहितैषी बजट है। यह बजट आम आदमी, किसान, युवा, महिला और उद्यमी वर्ग, सभी के सशक्तिकरण का रोडमैप प्रस्तुत करता है। राष्ट्रीय सचिव धनखड़ ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी और केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण का देश को शानदार बजट देने के लिए धन्यवाद किया ।
उन्होंने कहा कि आम नागरिक के लिए राहत और अवसर प्रदान करता है यह बजट। महंगाई के प्रभाव को कम करने, बुनियादी सुविधाओं के विस्तार और सामाजिक सुरक्षा को मजबूत करने पर केंद्रित है। स्वास्थ्य, शिक्षा, आवास और आधारभूत ढांचे में निवेश से जीवन-स्तर में सुधार होगा तथा रोजगार के नए अवसर सृजित होंगे।
भाजपा के राष्ट्रीय सचिव औमप्रकाश धनखड़ ने कहा कि किसानों के लिए समृद्धि का मार्ग प्रशस्त होगा और कृषि क्षेत्र में सिंचाई, फसल विविधीकरण, भंडारण, प्रसंस्करण और ग्रामीण अवसंरचना के सुदृढ़ीकरण से किसानों की आय बढ़ाने की दिशा में ठोस कदम उठाए गए हैं। तकनीक-आधारित कृषि, कृषि-उद्यमिता और ग्रामीण अर्थव्यवस्था को गति देने से किसानों की समृद्धि का लक्ष्य मजबूत होगा। डेयरी उद्योग बढ़ावा देने की नीति से पशुपालकों को लाभ मिलेगा।
युवाओं के लिए कौशल, रोजगार और नवाचार
राष्ट्रीय सचिव धनखड़ ने कहा कि युवा भारत के सपनों को पंख देने के लिए कौशल विकास, स्टार्टअप्स, नवाचार और रोजगार सृजन पर विशेष जोर दिया गया है। शिक्षा-प्रशिक्षण को उद्योग से जोडक़र युवाओं को नौकरी चाहने वाला नहीं, नौकरी देने वाला बनाने की दिशा में यह बजट निर्णायक सिद्ध होगा।
भारत की वैश्विक नेतृत्वकारी भूमिका
उन्होंने कहा कि बुनियादी ढांचे, विनिर्माण, डिजिटल अर्थव्यवस्था, स्वास्थ्य और सेवा क्षेत्रों में निवेश से भारत की प्रतिस्पर्धात्मक क्षमता बढ़ेगी। यह बजट आत्मनिर्भर भारत को सुदृढ़ करते हुए भारत को वैश्विक विकास का केंद्र बनाने की क्षमता रखता है।
औमप्रकाश धनखड़ ने कहा कि देशवासियों को आश्वस्त करता है कि यह बजट समावेशी विकास, आर्थिक सुदृढ़ता और सामाजिक न्याय के मूल्यों पर आधारित है। कैंसर सहित कई गंभीर बीमारियों को दवाईयां सस्ती होंगी। करोड़ों गिग वर्कर्स को आयुष्मान योजना का लाभ,बेटियों की शिक्षा के लिए हर जिले छात्रावास,ढांचागत विकास के लिए बजट में बड़ी बढ़ोतरी,बायो फार्मा को बढ़ावा,ए आई के लिए एक हजार करोड़ का बजटीय प्रावधान,स्टार्ट अप क्रेडिट गारंटी,हाई स्पीड रेल कॉरिडोर जैसे बड़े निर्णय पीएम मोदी की दूरदर्शिता को दर्शाते हैं। यह सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास के मंत्र को नई ऊर्जा देता है और भारत को प्रगति के अगले चरण में ले जाने वाला बजट है।