कैथल। हरियाणा में कैथल के ड्रग कंट्रोल अफसर चेतन वर्मा ने स्टेट ड्रग्स कंट्रोल अधिकारियों को जानकारी देते हुए पुलिस अधिकारियों के साथ वीपीओ जादौला स्थित सोहन पाल के मेसर्स मेहला मेडिकल हॉल के बिना लाइसेंस वाले परिसर पर छापेमारी करते हुए बड़ी मात्रा में विभिन्न प्रकार की एलौपैथिक दवाएं बरामद करते हुए जब्त की हैं।

स्टेट ड्रग्स कंट्रोलर ललित गोयल ने बताया कि रविवार को हुई इस छापेमार कार्यवाही के दौरान किसी भी अप्रिय घटना से निपटने के लिए पुलिस कर्मियों को साथ रखा गया। जांच के दौरान पाया गया कि फर्म के पास कोई वैध दवा लाइसेंस या खरीद बिल नहीं थे। परिसर से 103 ऑक्सीटोसिन इंजेक्शन बरामद किए गए हैं।

इसके अतिरिक्त, फॉर्म-16 के तहत 27 विभिन्न प्रकार की एलोपैथिक दवाएं बरामद और जब्त की गई। डीसीओ कैथल द्वारा फॉर्म संख्या 17 के तहत ऑक्सीटोसिन इंजेक्शन का एक नमूना भी लिया गया।

स्टेट ड्रग्स कंट्रोलर गोयल ने बताया कि ड्रग्स एंड कॉस्मेटिक्स एक्ट, 1940 के प्रावधानों के तहत माननीय न्यायिक मजिस्ट्रेट से जब्त दवाओं के लिए अभिरक्षा आदेश प्राप्त किए जाएंगे। बता दें कि ड्रग्स एंड कॉस्मेटिक्स रूल्स, 1945 के नियम 105 के अनुसार, बिक्री के लिए ऑक्सीटोसिन इंजेक्शन केवल सिंगल यूनिट ब्लिस्टर पैक में ही होने चाहिए।