Follow

क्रॉस वोटिंग ने कांग्रेस की अंदरूनी कलह को किया बेनकाब : शमशेर सिंह खरक

Listen to this article

राज्यसभा चुनाव में कांग्रेस के प्रदर्शन पर करारा प्रहार…

न्यूज़म ब्यूरो 

चंडीगढ़| हरियाणा के हालिया राज्यसभा चुनाव में हुई क्रॉस वोटिंग के बाद प्रदेश की राजनीति में हलचल तेज हो गई है। भाजपा के वरिष्ठ नेता एवं प्रदेश मीडिया सह-प्रभारी शमशेर सिंह खरक ने कांग्रेस पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि यह घटनाक्रम कांग्रेस के भीतर गहराती गुटबाजी और नेतृत्व संकट का स्पष्ट प्रमाण है। उन्होंने कहा कि जब एक ही चुनाव में कांग्रेस के 5 विधायक पार्टी लाइन से हटकर मतदान करते हैं, तो यह केवल राजनीतिक घटना नहीं बल्कि संगठनात्मक विफलता का संकेत है।

Advertisement

खरक ने कहा कि कांग्रेस लंबे समय से गुटों में बंटी हुई पार्टी बन चुकी है, जहां व्यक्तिगत महत्वाकांक्षाएं संगठन से बड़ी हो गई हैं। राज्यसभा चुनाव ने इस सच्चाई को सार्वजनिक रूप से सामने ला दिया है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस जिस “हाईकमान संस्कृति” का दावा करती है, उसी के निर्देशों की खुलेआम अनदेखी यह दर्शाती है कि पार्टी का केंद्रीय नेतृत्व अपने ही विधायकों पर नियंत्रण खो चुका है।

भाजपा नेता ने स्पष्ट किया कि इसके विपरीत भारतीय जनता पार्टी ने एक बार फिर अनुशासन और संगठनात्मक मजबूती का परिचय दिया है। उन्होंने कहा कि भाजपा के सभी विधायक एकजुट रहे और निर्दलीय विधायकों का समर्थन भी इस बात का प्रमाण है कि प्रदेश में भाजपा की नीतियों और नेतृत्व पर विश्वास बढ़ा है।
खरक ने कांग्रेस पर जनता से कटाव का आरोप लगाते हुए कहा कि जो पार्टी अपने विधायकों को एकजुट नहीं रख सकती, वह प्रदेश की करोड़ों जनता का नेतृत्व करने का दावा कैसे कर सकती है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस की यह स्थिति आने वाले चुनावों में उसके लिए गंभीर राजनीतिक परिणाम लेकर आएगी।

जनता के मन में उठ रहे 4 बड़े सवाल
– क्या कांग्रेस का हाईकमान अपने ही विधायकों पर नियंत्रण खो चुका है?
– आखिर 5 विधायकों ने पार्टी लाइन से हटकर वोट क्यों किया?
– क्या हरियाणा कांग्रेस गुटबाजी का स्थायी शिकार बन चुकी है?
– क्या कांग्रेस जनता का विश्वास बनाए रखने में सक्षम है?
“ कांग्रेस के अपनों में ही गहरारहा है अविश्वास ”

खरक ने कहा, “कांग्रेस को किसी विपक्ष की जरूरत नहीं, उसके अपने ही विधायक उसके खिलाफ खड़े हैं। राज्यसभा चुनाव ने यह स्पष्ट कर दिया है कि पार्टी अंदर से कमजोर हो चुकी है। जनता ये सब जान चुकी है  ”

उन्होंने अपनी पार्टी का जिक्र करते हुए कहा कि भाजपा विकास, सुशासन और संगठनात्मक एकजुटता के बल पर आगे बढ़ रही है और प्रदेश की जनता का विश्वास ही उसकी सबसे बड़ी पूंजी है।

 

What are your Feelings
Advertisement
Tap to Refresh