Follow

जल्द से जल्द करवाया जाएगा गांव सग्गा एवं समाना बाहु में प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र का निर्माण कार्य : आरती सिंह राव

Listen to this article

न्यूज़म ब्यूरो

चंडीगढ़, 27 फरवरी : हरियाणा की स्वास्थ्य मंत्री आरती सिंह राव ने बताया कि नीलोखेड़ी विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले गांव सग्गा एवं समाना बाहु में प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र का निर्माण कार्य जल्द से जल्द करवाया जाएगा। स्वास्थ्य मंत्री आज हरियाणा विधानसभा के बजट सत्र के दौरान सदन के एक सदस्य द्वारा पूछे गए सवाल  का जवाब दे रही थी।

आरती सिंह राव ने बताया कि गांव सग्गा में प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र के भवन का निर्माण कार्य लगभग 38 प्रतिशत पूरा होने के बाद एजेंसी द्वारा रोक दिया गया था। लोक निर्माण विभाग द्वारा उक्त एजेंसी का अनुबंध 5 जुलाई 2023 को समाप्त कर दिया गया था। संशोधित प्रशासकीय स्वीकृति के उपरांत, निविदा प्रक्रिया तीन महीने के भीतर पूरी होने की उम्मीद है और पीएचसी भवन का शेष निर्माण कार्य छह महीने के भीतर पुनः आरंभ होने की संभावना है।

Advertisement

स्वास्थ्य मंत्री ने आगे गांव समाना बाहु में पीएचसी के रुके हुए निर्माण कार्य से संबंधित सवाल का जवाब देते हुए बताया कि संविदा एजेंसी ने 70 प्रतिशत कार्य पूरा करने के बाद निर्माण कार्य रोक दिया गया था और लोक निर्माण विभाग के साथ विवाद को लेकर  उच्च न्यायालय में याचिका दायर कर दी थी। इस  विभाग द्वारा एजेंसी का अनुबंध 20 जून 2024 को समाप्त कर दिया गया था। उन्होंने आश्वासन दिया कि इस पीएचसी के भवन निर्माण कार्य पुनः आरंभ होने में लगभग छह महीने लगेंगे और उसके बाद इसे पूर्ण करने में लगभग 12 महीने का समय लगेगा।

उन्होंने एक अन्य सदस्य द्वारा पूछे गए सवाल के जवाब में बताया कि वैसे तो फरीदाबाद के सेक्टर -56 में 50 बैड के अस्पताल को बनाने का फिलहाल कोई प्रस्ताव विचाराधीन नहीं है, फिर भी इस मामले में दोबारा जांच करवा लेंगे , आवश्यकता होगी तो आगे की कार्रवाई की जाएगी।

———-

चंडीगढ़ , 27 फरवरी : हरियाणा की चिकित्सा शिक्षा एंव अनुसंधान मंत्री आरती सिंह राव ने बताया कि पुण्डरी विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले गांव धेरड़ू में गुरु ब्रह्मानंद नर्सिंग कॉलेज को इस साल शुरू करने का प्रयास किया जाएगा।

स्वास्थ्य मंत्री आज हरियाणा विधानसभा के बजट सत्र के दौरान सदन के एक सदस्य द्वारा पूछे गए सवाल  का जवाब दे रही थी।

आरती सिंह राव ने बताया कि विभाग द्वारा आगामी शैक्षणिक सत्र में इस कॉलेज को सार्वजनिक निजी भागीदारी व्यवस्था पर चलाने की संभावना तलाश की जा रही है।

———-

चंडीगढ़, 27 फरवरी : हरियाणा की स्वास्थ्य मंत्री आरती सिंह राव ने बताया कि असंध  विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले कई गांवों में उपस्वास्थ्य केंद्रों का निर्माण कार्य करवाया जाएगा।

स्वास्थ्य मंत्री आज हरियाणा विधानसभा के बजट सत्र के दौरान सदन के एक सदस्य द्वारा पूछे गए सवाल  का जवाब दे रही थी।

आरती सिंह राव ने बताया कि असंध उपमंडल अस्पताल के अंतर्गत उप स्वास्थ्य केंद्र राहड़ा के भवन के निर्माण के लिए निविदा 16 फरवरी 2026 को आवंटित की गई है , इसका निर्माण कार्य जल्द किया जाएगा।

इसके अतिरिक्त, गांव थल में स्थित एकमात्र उप-स्वास्थ्य केंद्र वर्तमान में निजी किराए के भवन में कार्यरत है। इस उप-स्वास्थ्य केंद्र के निर्माण के लिए प्रशासकीय स्वीकृति जारी की जा चुकी है परन्तु अभी तक उपयुक्त भूमि उपलब्ध नहीं हुई है। भूमि की उपलब्धता होने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।

उन्होंने आगे बताया कि इस विधानसभा क्षेत्र के गांव खेड़ी-सरफली और असंध-॥ में भी उप स्वास्थ्य केंद्रों का निर्माण किया जाएगा, लेकिन अभी तक भवन निर्माण के लिए उपयुक्त भूमि उपलब्ध नहीं हो पाई है। इन दोनों गांवों के मामले में भी भूमि की उपलब्धता होने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।

स्वास्थ्य मंत्री ने सदन के एक अन्य सदस्य द्वारा थानेसर विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले गांव अमीन में प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के तौर पर अपग्रेड करने के प्रश्न का जवाब देते हुए बताया कि फिलहाल नियमों के अनुसार यहां सीएचसी नहीं बनाई जा सकती। फिर भी इस मामले में पुनः जांच करवा लेंगे , आवश्यकता हुई तो अपग्रेड करने पर विचार किया जा सकता है।

What are your Feelings
Advertisement
Tap to Refresh