Follow

कांग्रेस का संघर्ष गरीब, किसान, मजदूर, युवा और वंचित वर्गों के अधिकारों की रक्षा के लिए रहा : राव नरेंद्र सिंह

Listen to this article

कांग्रेस स्थापना दिवस पर भाजपा की जनविरोधी नीतियों के विरुद्ध संघर्ष का संकल्प : राव नरेंद्र सिंह

चंडीगढ़, 28 दिसंबर : हरियाणा प्रदेश कांग्रेस कार्यालय में भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस का 140वां स्थापना दिवस बड़े उत्साह और राजनीतिक दृढ़ता के साथ मनाया गया। इस अवसर पर हरियाणा प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष राव नरेंद्र सिंह ने पार्टी ध्वज फहराया और उपस्थित कार्यकर्ताओं को संबोधित किया। राव नरेंद्र सिंह ने कहा कि कांग्रेस पार्टी की स्थापना से लेकर आज तक उसका मूल मंत्र गरीबों, किसानों, मजदूरों, युवाओं तथा वंचित वर्गों के अधिकारों की रक्षा करना रहा है। उन्होंने भाजपा सरकार पर तीव्र प्रहार करते हुए कहा कि वर्तमान में देश और प्रदेश में लोकतंत्र, संविधान तथा संवैधानिक संस्थाओं पर सुनियोजित आघात किए जा रहे हैं, जिन्हें कांग्रेस पार्टी किसी भी हाल में सहन नहीं करेगी।

 

Advertisement

उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा की जनविरोधी नीतियों के कारण बेरोजगारी, महंगाई और सामाजिक असमानता अपने चरम पर पहुंच गई है, जबकि हरियाणा का युवा रोजगार की तलाश में भटकने को मजबूर है। भाजपा की तानाशाही के कारण कांग्रेस द्वारा शुरू की गई मनरेगा योजना को लगभग समाप्त कर दिया गया है, जो मजदूरों, वंचितों और भूमिहीन किसानों के अस्तित्व पर सीधा प्रहार है। इसके अलावा नौकरी भर्ती घोटाले, भूमि घोटाले, अवैध खनन, आदिवासी भूमि का भूमाफियाओं को हस्तांतरण तथा अन्यायपूर्ण कार्यों की लंबी फेहरिस्त गिनाते हुए उन्होंने कहा कि जनता अब इनका हिसाब जरूर लेगी। 

कांग्रेस अध्यक्ष ने स्पष्ट किया कि पार्टी सड़क से सदन तक जनता की आवाज बनकर भाजपा सरकार की नाकामियों को बेनकाब करती रहेगी। स्थापना दिवस के इस अवसर पर नेताओं एवं कार्यकर्ताओं ने संविधान, लोकतंत्र तथा सामाजिक न्याय की रक्षा के लिए संघर्ष को और तेज करने का संकल्प दोहराया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में कांग्रेस पदाधिकारी, वरिष्ठ नेता तथा कार्यकर्ता उपस्थित रहे, जिन्होंने संगठन को और मजबूत बनाने तथा आगामी चुनौतियों का सामना करने के लिए पूर्ण शक्ति से जुटने का आह्वान किया।

 

इस अवसर पर प्रमुख रूप से जिला अध्यक्ष संजय चौहान, पूर्व विधायक प्रदीप चौधरी, जसवीर मालौर एवं लहरी सिंह, प्रदेश मीडिया प्रभारी संजीव भारद्वाज, महिला कांग्रेस अध्यक्षा सुधा भारद्वाज, पूनम चौहान (सेवादल), सुनीता शर्मा (महिला कांग्रेस सेवा दल), फोम लाल (पंचायती राज चेयरमैन), सुनीता मान जिला अध्यक्षा महिला कांग्रेस, मनवीर कौर गिल, रविंद्र रावल, दलवीर वाल्मीकि, सतपाल कौशिक, पवन जैन, आर.के. कक्कड़, प्रियंका हुड्डा, सुरेश रोड, राकेश सोंधी, विजय बंसल, नरेश मान, प्रोफेसर सुल्तान सिंह ढुल, रघुवंश मल्होत्रा, गुरबाग, गौतम प्रसाद (पार्षद), महेंद्र सांगवान, हरीश पिकु तथा सैकड़ों कार्यकर्ता मौजूद रहे।

 

What are your Feelings
Advertisement
Tap to Refresh