Follow

कांग्रेस नेता दीपेंद्र हुड्डा के बयान से कांग्रेस का असली चेहरा आया सामने : अनिल विज

सज्जन कुमार को रोल मॉडल बताने पर विज का कांग्रेस पर तीखा हमला, कांग्रेस देश में अराजकता फैलाने का प्रयास कर रही : अनिल विज

दीपेंद्र हुड्डा के बयान पर कांग्रेस नेतृत्व की चुप्पी सवालों के घेरे में : विज

विधानसभा सत्र में कांग्रेस के हर सवाल का जवाब देंगे : विज

न्यूज़म ब्यूरो

चंडीगढ़, 24 अगस्त। हरियाणा के ऊर्जा, परिवहन एवं श्रम मंत्री अनिल विज ने आज कांग्रेस पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि कांग्रेस नेता दीपेंद्र हुड्डा द्वारा सज्जन कुमार को लेकर दिए गए बयान से कांग्रेस की असलियत सामने आ गई है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस का चेहरा ऊपर से कुछ और और अंदर से कुछ और है। उन्होंने कहा, ’“लाख छुपाओ, छुप न सकेगा राज जितना गहरा, दिल की बात बता देता है असली-नकली चेहरा।”’

Advertisement

आज चण्डीगढ में मीडिया कर्मियों के सवालों का जवाब देते हुए विज ने कहा कि दीपेंद्र हुड्डा के मुंह से कांग्रेस का असली चेहरा सामने आया है। उन्होंने सज्जन कुमार, जिन पर 1984 के सिख विरोधी दंगों में गंभीर आरोप रहे हैं, को अपना रोल मॉडल बताया है। उन्होंने कहा कि यह सोचने का विषय है कि कांग्रेस के भीतर ऐसे और कितने लोग/सज्जन कुमार छिपे हुए हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस के शासनकाल में देश ने कई बार हिंसा और दंगों का दौर देखा है।

उन्होंने कहा कि गुजरात, मेरठ, मुरादाबाद और 1984 के सिख विरोधी दंगों सहित देश ने विभिन्न अवसरों पर बड़े पैमाने पर हिंसा देखी है। उन्होंने कहा कि इसी प्रकार की सोच के कारण देश का विभाजन हुआ, जिसमें लगभग 10 लाख लोगों की जान गई। श्री विज ने आरोप लगाते हुए कहा कि कांग्रेस का वास्तविक चरित्र जनता के सामने आ चुका है और जब भी उसे सत्ता मिलती है, देश को इसकी कीमत चुकानी पड़ती है।

दीपेंद्र हुड्डा का बयान मीडिया में स्पष्ट रूप से सामने आया – विज
विज ने कहा कि दीपेंद्र हुड्डा ने जो कुछ कहा, वह पूरी दुनिया ने देखा है और विभिन्न मीडिया चैनलों ने उनके बयान को स्पष्ट रूप से प्रसारित किया है, और उनके द्वारा भी सुना गया। उन्होंने कहा कि उन्होंने स्वयं भी दीपेंद्र हुड्डा का बयान सुना है।
कांग्रेस नेता कुलदीप शर्मा द्वारा दीपेंद्र हुड्डा को कांग्रेस कार्यसमिति (सीडब्ल्यूसी) से बाहर करने की मांग के संबंध में पूछे गए सवाल पर विज ने कहा कि यह उनके मन की बात हो सकती है और संभव है कि वह भी इस बयान से आहत हुए हों, जिसके कारण उन्होंने पत्र लिखा है। उन्होंने कटाक्ष करते हुए कहा, ’’“जब तमाशे वाले का जमूरा ऊपर चढ़कर नाच रहा होता है, तो वह नीचे की चीजों को नहीं देखता।”’’

कांग्रेस देश में अराजकता फैलाने का प्रयास कर रही – विज
विज ने आरोप लगाया कि इस समय कांग्रेस का एजेंडा कुछ और है और वह देश में अराजकता का माहौल पैदा करना चाहती है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस रोज नए तरीके अपनाकर लोगों को भड़काने और देश में अस्थिरता का माहौल दिखाने का प्रयास कर रही है। साथ ही, वह विदेशों में भी यह संदेश देने की कोशिश कर रही है कि भारत में उथल-पुथल है और देश कमजोर हो रहा है।
उन्होंने कहा कि बहुत से कार्य सामान्य और संवैधानिक तरीके से भी किए जा सकते हैं। उन्होंने संसद में एफआईआर दर्ज कराने की मांग को लेकर कांग्रेस नेताओं के धरने का उदाहरण देते हुए कहा कि यदि किसी मामले में एफआईआर दर्ज नहीं हुई है तो उसके लिए कानूनी और सामान्य प्रक्रियाएं उपलब्ध हैं, जिनमें अदालत का दरवाजा खटखटाना भी शामिल है।
विज ने कहा कि जब राहुल गांधी धरने पर बैठे, उससे पहले ही सुप्रीम कोर्ट द्वारा जंतर-मंतर से संबंधित मामले में पांच सदस्यीय समिति का गठन किया जा चुका था। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस कई मुद्दों को समाधान की बजाय राजनीतिक प्रदर्शन और तमाशे का रूप देने का प्रयास करती है।

कांग्रेस के बड़े नेताओं की चुप्पी पर उठाए सवाल
विज ने सवाल किया कि क्या दीपेंद्र हुड्डा के बयान को लेकर कांग्रेस के किसी बड़े नेता ने अब तक उसकी निंदा की है या उनके खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। उन्होंने कहा कि यदि ऐसा नहीं हुआ है तो यह सवाल उठता है कि क्या कांग्रेस नेतृत्व इस बयान से सहमत है। उन्होंने कांग्रेस नेतृत्व पर निशाना साधते हुए कहा कि क्या राहुल गांधी को यह बयान नजर नहीं आया या फिर इसे उनकी मौन सहमति माना जाए। उन्होंने व्यंग्य करते हुए कहा कि यदि सज्जन कुमार कांग्रेस के लिए रोल मॉडल हैं तो कांग्रेस को अपने कार्यालयों में उनके चित्र लगाने चाहिए और अपने नेताओं की कमीज पर उनके नाम का बैज भी लगाना चाहिए।

दंगों और हिंसा के आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई जरूरी – विज
एक सवाल के जवाब में विज ने कहा कि हमारी सरकार ने पूर्व में हुए दंगों और हिंसा के मामलों में आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई सुनिश्चित की है और ऐसे मामलों में दोषियों को सजा भी मिल रही है। उन्होंने कहा कि जिन लोगों ने बड़े पैमाने पर हिंसा की, उन्हें कानून के अनुसार सजा मिलनी चाहिए। उन्होंने कहा कि सज्जन कुमार के मामले में कांग्रेस की चुप्पी भी कई सवाल खड़े करती है। उन्होंने आरोप लगाया कि दीपेंद्र हुड्डा के बयान पर कांग्रेस के बड़े नेताओं की ओर से स्पष्ट विरोध सामने नहीं आया है, जिससे कांग्रेस की सोच पर सवाल उठते हैं।

मिलावटखोरी के खिलाफ सरकार गंभीर – विज 
देशभर में मिलावटखोरी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियानों तथा गुरुग्राम के एक रेस्टोरेंट में सैंडविच में कथित तौर पर जिंदा कीड़े मिलने के संबंध में पूछे गए सवाल पर श्री विज ने कहा कि सरकार ऐसे मामलों को गंभीरता से ले रही है और दोषियों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि हाल ही में कैथल में कष्ट निवारण समिति की बैठक के दौरान भी उन्होंने स्वयं एक ट्रक पनीर पकड़े जाने की कार्रवाई करवाई थी। उन्होंने कहा कि सरकार मिलावटखोरी के खिलाफ पूरी तरह गंभीर है।

विधानसभा सत्र में कांग्रेस के हर सवाल का जवाब देंगे – विज
हरियाणा विधानसभा के आगामी मानसून सत्र के संबंध में पूछे गए सवाल पर विज ने कहा कि कांग्रेस चाहे कितनी भी तैयारी कर ले, सरकार के पास उसके हर सवाल का जवाब है। उन्होंने कांग्रेस पर कटाक्ष करते हुए कहा कि कांग्रेस स्वयं अंदरूनी कलह से जूझ रही है और पार्टी में आपसी मतभेद लगातार सामने आ रहे हैं। उन्होंने कहा कि कांग्रेस नेताओं के बीच रोज नए विवाद सामने आते हैं। ऐसे में कांग्रेस को पहले अपने आंतरिक मुद्दों को तो सुलझा व निपटा लें।

 

पढ़ने के लिए धन्यवाद

आपका समय और भरोसा हमारे लिए बहुत मायने रखता है। अगर यह खबर आपके लिए उपयोगी रही, तो हमसे जुड़े रहें — हर ज़रूरी खबर के लिए Newsam को फ़ॉलो करें।

Advertisement
Tap to Refresh