Follow

पंजाब में पेपरलीक मामले पर CM मान बेशर्मी से बोल रहे हैं झूठ : राजा वड़िंग

कांग्रेस सांसदों का पेपर लीक के खिलाफ संसद भवन के बाहर प्रदर्शन

कहा: आप सरकार के कार्यकाल में छह पेपर लीक हुए

मुख्यमंत्री पांच लाख प्रभावित विद्यार्थियों से माफी मांगें

कहा: संबंधित मंत्री को जाना ही होगा 

न्यूज़म ब्यूरो

Advertisement

नई दिल्ली, 27 जुलाई। पंजाब से कांग्रेस के सांसदों द्वारा पंजाब में हुए पेपर लीक के मामलों तथा सफाई कर्मचारियों पर पुलिस द्वारा की गई बर्बरता के खिलाफ आज संसद भवन के बाहर प्रदर्शन किया गया।

कांग्रेस सांसदों ने मुख्यमंत्री भगवंत मान पर आरोप लगाया कि वह बेशर्मी से झूठ बोलते हुए, यह दावा कर रहे हैं कि आम आदमी पार्टी के शासनकाल में पंजाब में कोई भी पेपर लीक नहीं हुआ है, जबकि अब तक आप सरकार के कार्यकाल में छह पेपर लीक हो चुके हैं।

इस अवसर पर प्रदर्शन में पंजाब कांग्रेस अध्यक्ष अमरिंदर सिंह राजा वड़िंग, डॉ. अमर सिंह, गुरजीत सिंह औजला और शेर सिंह घुबाया सहित अन्य सांसद शामिल थे। सांसद हाथों में तख्तियां लेकर पंजाब में पेपर लीक से प्रभावित पांच लाख विद्यार्थियों को न्याय दिलाने की मांग कर रहे थे।

उन्होंने मुख्यमंत्री भगवंत मान से पेपर लीक मामले में तथा शांतिपूर्ण प्रदर्शन कर रहे सफाई कर्मचारियों पर पंजाब पुलिस द्वारा किए गए अत्याचार के लिए भी माफी मांगने की मांग की।

वड़िंग ने कहा कि मुख्यमंत्री यह कहकर बेशर्मी से झूठ बोल रहे हैं कि आप सरकार के कार्यकाल में पंजाब में कोई भी पेपर लीक नहीं हुआ है।

वड़िंग ने मान के दावों पर प्रतिक्रिया देते हुए, कहा कि पिछले साढ़े चार वर्षों में छह पेपर लीक हुए हैं और इसके बावजूद मुख्यमंत्री उन्हें नकारने का साहस दिखा रहे हैं। उन्होंने सवाल किया कि यदि पेपर लीक नहीं हुए, तो फिर एफआईआर क्यों दर्ज की गईं हैं?

प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष ने कहा कि पंजाब में हुई पेपर लीक की घटनाओं से लगभग पांच लाख विद्यार्थी और नौकरी के अभ्यर्थी प्रभावित हुए हैं। यदि मान या उनके दिल्ली के नेता यह सोचते हैं कि वे पेपर लीक के मामले को दबा देंगे, तो वे बहुत बड़ी भूल कर रहे हैं। उन्होंने दोहराया कि कांग्रेस संबंधित मंत्री के इस्तीफे की मांग को लेकर अपना अभियान जारी रखेगी।

वड़िंग ने मुख्यमंत्री से प्रभावित विद्यार्थियों और उनके अभिभावकों से माफी मांगने की मांग की। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री या तो संबंधित मंत्री को बर्खास्त करें या फिर मंत्री नैतिक जिम्मेदारी स्वीकार करते हुए, स्वयं इस्तीफा दें। उन्होंने कहा कि जवाबदेही तय होनी चाहिए, दोषियों को सजा मिलनी चाहिए और कांग्रेस इस मामले को किसी भी कीमत पर यूं ही नहीं जाने देगी।

 

पढ़ने के लिए धन्यवाद

आपका समय और भरोसा हमारे लिए बहुत मायने रखता है। अगर यह खबर आपके लिए उपयोगी रही, तो हमसे जुड़े रहें — हर ज़रूरी खबर के लिए Newsam को फ़ॉलो करें।

Advertisement
Tap to Refresh