Follow

अब ये कौन सी नई नीति लाएगी हिमाचल प्रदेश सरकार !

नई स्वास्थ्य बीमा नीति में गरीब परिवारों के लिए उपलब्ध होगी बेहतरीन उपचार सुविधा

न्यूज़म ब्यूरो

शिमला, 4 अगस्त, 2026 : हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविन्द्र सिंह सुक्खू ने आज यहां स्वास्थ्य विभाग की उच्च स्तरीय बैठक की अध्यक्षता करते हुए कहा कि प्रदेश सरकार राज्य के गरीब परिवारों को इलाज की बेहतरीन सुविधा उपलब्ध करवाने के लिए नई स्वास्थ्य बीमा नीति लाने जा रही है। इस नीति के अंतर्गत गरीब परिवारों को 10 लाख रुपये तक का स्वास्थ्य बीमा प्रदान किया जाएगा और यह सुविधा बहुत ही कम प्रीमियम पर उपलब्ध होगी। इस तरह की बीमा सुविधा उपलब्ध करवाने वाला हिमाचल प्रदेश देश का पहला राज्य बनेगा।

मुख्यमंत्री ने कहा कि नई बीमा नीति के तहत प्रदेश के लगभग 10 लाख परिवार शामिल किए जाएंगे, जिसमें विभिन्न वर्गों का समावेश होगा। उन्होंने कहा कि नई बीमा पॉलिसी के तहत बड़े और उच्च स्तरीय अस्पतालों का सूचीबद्ध भी किया जाएगा। उन्होंने कहा कि प्रदेश के निर्धन वर्ग के लोग धन के अभाव में बेहतरीन चिकित्सा सुविधा प्राप्त करने से वंचित न रह जाएं, इसी दृष्टिकोण और ध्येय के साथ नई नीति का प्रारूप तैयार किया गया है।

ठाकुर सुखविन्द्र सिंह सुक्खू ने कहा कि प्रदेश सरकार स्वास्थ्य क्षेत्र में निरन्तर नवोन्मेषी पहल कर रही है। अस्पतालों और चिकित्सा शिक्षा का आधुनिकीकरण किया जा रहा है। बेहतरीन उपचार के लिए मेडिकल जांच सेवाएं नितान्त आवश्यक हैं, जिसके दृष्टिगत राज्य में जांच सेवाओं के स्वचालन की दिशा में कार्य किया जा रहा है। इससे मरीजों को शीघ्र व सुलभ स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध होंगी और समय की बचत भी सुनिश्चित होगी।

Advertisement

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश सरकार प्राथमिकता के साथ जिला अस्पतालों और सभी राजकीय चिकित्सा महाविद्यालयों में स्वास्थ्य सुविधाओं को सुदृढ़ कर रही है ताकि लोगों को उनके घर के समीप ही बेहतर उपचार की सुविधा मिल सके।

सुक्खू ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि एम्स, नई दिल्ली के मानकों के अनुरूप सभी चिकित्सा उपकरणों की खरीद सुनिश्चित की जाए। उन्होंने सभी सरकारी चिकित्सा महाविद्यालयों के रेडियोलॉजी विभागों को और मजबूत करने के निर्देश भी दिए। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार का लक्ष्य प्रदेश में ही विश्वस्तरीय स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध करवाना है, ताकि लोगों को उपचार के लिए राज्य से बाहर न जाना पड़े।

बैठक में महाधिवक्ता अनूप रतन, मुख्य सचिव के.के. पंत, प्रधान सचिव वित्त देवेश कुमार, सचिव स्वास्थ्य आशीष सिंहमार तथा अन्य वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित थे।

 

पढ़ने के लिए धन्यवाद

आपका समय और भरोसा हमारे लिए बहुत मायने रखता है। अगर यह खबर आपके लिए उपयोगी रही, तो हमसे जुड़े रहें — हर ज़रूरी खबर के लिए Newsam को फ़ॉलो करें।

Advertisement
Tap to Refresh