Follow

मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी खुद कर रहे ऐप पर शिकायतों की नियमित मॉनिटरिंग

Listen to this article

म्हारी सड़क एप : जनभागीदारी से बदल रही हरियाणा में सड़कों की तस्वीर

सिटीजन फीडबैक आधारित डिजिटल प्लेटफॉर्म से बढ़ी पारदर्शिता और जवाबदेही 

63,170 किमी सड़कों के निर्माण व मरम्मत का लक्ष्य, कार्यों में लाई जा रही तेजी

Advertisement

न्यूज़म ब्यूरो

चंडीगढ़, 23 अप्रैल। हरियाणा सरकार द्वारा सड़कों की मरम्मत एवं रखरखाव व्यवस्था को आधुनिक, पारदर्शी और जवाबदेह बनाने की दिशा में शुरू की गई म्हारी सड़क एप एक प्रभावी डिजिटल पहल के रूप में स्थापित हो रही है। इसके माध्यम से आम नागरिकों को सीधे शासन व्यवस्था से जोड़ते हुए सड़कों की स्थिति सुधारने में जनभागीदारी को सशक्त किया जा रहा है।

राज्य सरकार द्वारा विकसित यह एप नागरिकों के फीडबैक पर आधारित है, जिसके माध्यम से सड़कों से संबंधित शिकायतों का न केवल त्वरित संज्ञान लिया जा रहा है, बल्कि संबंधित विभागों की जवाबदेही भी स्पष्ट रूप से तय की जा रही है। एप पर प्राप्त शिकायतों का निवारण प्राथमिकता के आधार पर सुनिश्चित किया जा रहा है, जिससे सड़कों की गुणवत्ता में निरंतर सुधार देखने को मिल रहा है।

इस एप की विशेषता है कि इसमें लोक निर्माण विभाग, हरियाणा राज्य कृषि विपणन बोर्ड, जिला परिषद, पंचायती राज संस्थाएं, शहरी स्थानीय निकाय तथा हरियाणा राज्य औद्योगिक एवं अवसंरचना विकास निगम सहित सभी संबंधित विभागों के अधीन आने वाली सड़कों का डेटा जियो-लोकेशन के साथ एकीकृत किया गया है। नागरिक किसी भी सड़क से संबंधित सड़क की जानकारी फोटो या वीडियो के माध्यम से सीधे एप पर अपलोड कर सकते हैं। शिकायत दर्ज होते ही उसकी लोकेशन स्वतः संबंधित विभाग तक पहुंच जाती है और शिकायतकर्ता को एसएमएस के माध्यम से सूचना भी प्राप्त होती है।

मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी स्वयं म्हारी सड़क एप पर प्राप्त शिकायतों की नियमित मॉनिटरिंग कर रहे हैं। उन्होंने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि सड़कों के रखरखाव एवं मरम्मत कार्यों में किसी भी प्रकार की लापरवाही न बरती जाए तथा सभी शिकायतों का समयबद्ध समाधान सुनिश्चित किया जाए। मुख्यमंत्री की इस सीधी निगरानी से प्रशासनिक तंत्र में सक्रियता और जवाबदेही दोनों में उल्लेखनीय वृद्धि हुई है।

म्हारी सड़क एप के माध्यम से शासन व्यवस्था और नागरिकों के बीच संवाद का एक सशक्त माध्यम विकसित हुआ है, जिससे न केवल शिकायतों के समाधान में तेजी आई है, बल्कि कार्यप्रणाली में पारदर्शिता भी सुनिश्चित हुई है। यह पहल ‘डिजिटल हरियाणा’ के विज़न को साकार करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।

उल्लेखनीय है कि राज्य सरकार ने वर्तमान वित्त वर्ष में प्रदेश की 63,170 किलोमीटर लंबी सड़कों के निर्माण एवं मरम्मत का महत्वाकांक्षी लक्ष्य निर्धारित किया है। इस लक्ष्य को समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण तरीके से पूरा करने के लिए डिजिटल तकनीकों का व्यापक उपयोग किया जा रहा है। म्हारी सड़क एप इस दिशा में एक सशक्त उपकरण के रूप में कार्य कर रही है, जो कार्यों की निगरानी और क्रियान्वयन दोनों को सुदृढ़ बना रही है।

आम नागरिक अधिक से अधिक संख्या में इस एप का उपयोग करें और अपने क्षेत्र की सड़कों से संबंधित समस्याओं को साझा करें, ताकि सामूहिक प्रयासों से हरियाणा की सड़कों को सुरक्षित, सुगम और विश्वस्तरीय बनाया जा सके। म्हारी सड़क एप को कोई भी नागरिक गूगल प्ले स्टोर से डाउनलोड कर आसानी से उपयोग कर सकता है।

 

What are your Feelings
Add a Comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Advertisement
Tap to Refresh