Follow

CEC बोले “घर जाओ”, सीनियर IAS अड़े “आप ऐसे बात नहीं कर सकते”, पद से हटाए गए

CEC से यूपी के वरिष्ठ आईएएस की तीखी बहस, चुनाव ऑब्जर्वर पद से हटाए गए 

न्यूज़म ब्यूरो 

कोलकाता। चुनाव ड्यूटी के दौरान एक बड़ा प्रशासनिक विवाद सामने आया है, जिसने नौकरशाही और चुनावी व्यवस्था दोनों में हलचल मचा दी है। उत्तर प्रदेश कैडर के वरिष्ठ IAS अधिकारी अनुराग यादव को पश्चिम बंगाल में उनके चुनाव पर्यवेक्षक (Observer) पद से तत्काल प्रभाव से हटा दिया गया है।

मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, कोलकाता में आयोजित एक हाई-लेवल मीटिंग के दौरान अनुराग यादव और मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के बीच तीखी नोक झोंक हो गई। बताया जा रहा है कि बैठक के दौरान जब उनसे (अनुराग यादव) कुछ अहम सवाल पूछे गए, तो वे संतोषजनक जवाब नहीं दे सके, जिससे माहौल तनावपूर्ण हो गया।

सूत्रों के मुताबिक, स्थिति उस समय और बिगड़ गई जब मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार ने नाराजगी जाहिर करते हुए सख्त टिप्पणी की और उन्हें “घर जाओ” तक कह दिया। इस पर अनुराग यादव ने भी तीखी प्रतिक्रिया देते हुए कहा, “आप ऐसे बात नहीं कर सकते… मैंने इस सेवा में 25 साल दिए हैं, आप मेरे साथ ऐसा व्यवहार नहीं कर सकते।”

Advertisement

इस तीखी बहस के तुरंत बाद चुनाव आयोग ने कड़ा रुख अपनाते हुए अनुराग यादव को उनके ऑब्जर्वर पद से हटा दिया। इस फैसले को प्रशासनिक अनुशासन बनाए रखने के संकेत के रूप में देखा जा रहा है।

घटना के बाद से प्रशासनिक गलियारों में चर्चाओं का दौर तेज हो गया है। यह मामला न केवल अधिकारियों के व्यवहार पर सवाल उठाता है, बल्कि चुनावी प्रक्रिया के दौरान अनुशासन और जवाबदेही की गंभीरता को भी रेखांकित करता है। बता दें कि अनुराग यादव वर्तमान समय में उत्तर प्रदेश सरकार में प्रमुख सचिव समाज कल्याण पद पर हैं।

 

Advertisement
Tap to Refresh