सप्तशृंगी गढ़ के रास्ते पर तेज रफ्तार कार बैरिकेड तोड़कर पुलिसकर्मियों और श्रद्धालुओं से टकराई। हादसे में 3 पुलिसकर्मी और 7 श्रद्धालु घायल हुए।
राहुल गुप्ता
नाशिक, 19 अक्टूबर। महाराष्ट्र के नाशिक जिले में सप्तशृंगी गढ़ के तलहटी क्षेत्र में रविवार देर रात भीषण सड़क हादसा हुआ। नवरात्रि उत्सव के दौरान बंदोबस्त में तैनात पुलिसकर्मियों को तेज रफ्तार कार ने टक्कर मार दी। हादसे में नाशिक ग्रामीण पुलिस की यातायात शाखा में तैनात पुलिस उपनिरीक्षक विजय बन्सीधर गायकवाड़ की मौत हो गई, जबकि 3 पुलिसकर्मियों और 7 श्रद्धालुओं समेत 10 लोग घायल हो गए। घायलों का सरकारी अस्पताल में इलाज चल रहा है।
पुलिस के मुताबिक, हादसा रविवार रात करीब 1:30 बजे नांदुरी गांव के अभोणा टी-पॉइंट के पास हुआ। नाशिक से कलवण की ओर जा रही कार (एमएच 12 एमएल 7747) ने पहले एक दोपहिया वाहन को टक्कर मारी। इसके बाद उसने नाशिक की ओर जा रहे एक अन्य वाहन (एमएच 15 केयू 8895) को सामने से टक्कर मार दी।
बैरिकेड तोड़कर पुलिसकर्मियों से टकराई कार
इसके बाद तेज रफ्तार कार अभोणा टी-पॉइंट पर लगे बैरिकेड तोड़ते हुए वहां तैनात पुलिसकर्मियों से जा टकराई। हादसे में सहायक पुलिस निरीक्षक दिनकर मुंढे, पुलिस उपनिरीक्षक विजय गायकवाड़, पुलिस कांस्टेबल सचिन राऊत और होमगार्ड सचिन मोरे गंभीर रूप से घायल हो गए।
विजय गायकवाड़ को अस्पताल ले जाते समय उनकी मौत हो गई। हादसे में दर्शन के लिए आए कपिल साली, मोरेश्वर पाटील, गोपाल सोनवणे, दुर्गेश चौधरी, सोहम पवार, राजाराम जाधव और राधाबाई गावित भी घायल हुए हैं।
कार चालक गिरफ्तार, नशे में होने की जांच
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, कार चालक ने नांदुरी पहुंचने से पहले भी कुछ अन्य वाहनों को टक्कर मारी थी। पुलिस इस बात की जांच कर रही है कि चालक शराब के नशे में था या नहीं।
कलवण पुलिस थाने के निरीक्षक प्रदीप देशमुख के मुताबिक, कार चालक ओंकार पांडुरंग सोनवणे, निवासी देवठाण, तहसील अकोला, जिला अहिल्यानगर को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस हादसे के पूरे घटनाक्रम की जांच कर रही है।
पढ़ने के लिए धन्यवाद
आपका समय और भरोसा हमारे लिए बहुत मायने रखता है। अगर यह खबर आपके लिए उपयोगी रही, तो हमसे जुड़े रहें — हर ज़रूरी खबर के लिए Newsam को फ़ॉलो करें।
