भाजपा प्रदेश अध्यक्ष डा.अर्चना गुप्ता ने बेगमपुर गद्दी से पधारे महंत राजीव दास व महंत मीना महाराज व जगरूप महाराज का किया स्वागत व अभिनंदन
संत गुरु रविदास जी का संदेश आज भी समाज के लिए सबसे बड़ी प्रेरणा है : डा. अर्चना गुप्ता
समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंच रहा है डबल इंजन सरकार की कल्याणकारी योजनाओं का लाभ : डा. अर्चना गुप्ता
न्यूज़म ब्यूरो
चंडीगढ़, 5 अगस्त। भारतीय जनता पार्टी हरियाणा की प्रदेश अध्यक्ष डॉ. अर्चना गुप्ता ने पानीपत स्थित आवास पर बेगमपुर गद्दी से पधारे परम पूज्य महंत राजीव दास जी महाराज, महंत मीना जी महाराज तथा इंदिरा कॉलोनी से पधारे जगरूप जी महाराज का स्वागत एवं अभिनंदन किया। उन्होंने कहा कि संत महापुरुषों के चरण कमल पड़ने से हमारा घर-आंगन धन्य हो गया। महाराज जी के दिव्य दर्शन, पावन सान्निध्य एवं मंगल आशीर्वाद प्राप्त कर मन अत्यंत प्रसन्न, भाव-विभोर और अभिभूत है। उन्होंने कहा कि संतों का आशीर्वाद समाज को नई दिशा देता है और समाज के लिए सबसे बड़ी पूंजी है।
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष डा. अर्चना गुप्ता ने कहा कि संत शिरोमणि गुरु रविदास जी सामाजिक समरसता, समानता और मानवता के सबसे बड़े प्रेरणास्रोत हैं। उन्होंने अपने जीवन से यह सिद्ध किया कि किसी व्यक्ति की पहचान उसकी जाति, वर्ग या जन्म से नहीं, बल्कि उसके कर्म, चरित्र और विचारों से होती है। डा. अर्चना गुप्ता ने कहा कि संत रविदास महाराज ने समाज को भेदभाव और ऊंच-नीच जैसी कुरीतियों से ऊपर उठकर प्रेम, भाईचारे और सद्भाव के मार्ग पर चलने का संदेश दिया।
डा. अर्चना गुप्ता ने कहा कि गुरु रविदास जी का सपना था कि ऐसा समाज बने, जहाँ किसी के साथ अन्याय न हो, हर व्यक्ति को सम्मान मिले और सभी को समान अवसर प्राप्त हों। आज प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के नेतृत्व में भाजपा सरकार सामाजिक समरसता, सबका साथ-सबका विकास, सबका विश्वास और सबका प्रयास की भावना के साथ काम कर रही है। उन्होंने कहा कि डबल इंजन सरकार की कल्याणकारी योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंच रहा है।
प्रदेश अध्यक्ष डा. अर्चना गुप्ता ने कहा कि भाजपा संत शिरोमणि गुरु रविदास महाराज की 650वीं जयंती को सामाजिक समरसता, समानता, सद्भाव और भारतीय संस्कृति के व्यापक जनजागरण अभियान के रूप में पूरे प्रदेश में मना रही है। भाजपा का उद्देश्य संत रविदास महाराज के विचारों और संदेशों को गांव-गांव, घर-घर और समाज के हर वर्ग तक पहुंचाना है, ताकि युवा पीढ़ी भी उनके आदर्शों से प्रेरणा लेकर राष्ट्र निर्माण में अपनी भूमिका निभा सके।
डा. अर्चना गुप्ता ने कहा कि संत रविदास जी का विचार ‘‘मन चंगा तो कठौती में गंगा’’ आज भी यह संदेश देता है कि सच्ची पवित्रता बाहरी आडंबर में नहीं, बल्कि निर्मल मन और श्रेष्ठ आचरण में होती है। गुरु रविदास जी ने ऐसे समाज की कल्पना की, जहाँ किसी के साथ अन्याय, भेदभाव या शोषण न हो और सभी को सम्मानपूर्वक जीवन जीने का अवसर मिले।
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि भाजपा का संकल्प है कि संतों और महापुरुषों की शिक्षाएं समाज के प्रत्येक व्यक्ति तक पहुंचें ताकि सामाजिक सौहार्द और अधिक मजबूत हो। उन्होंने कहा कि भाजपा सभी समाजों को साथ लेकर चलने वाली पार्टी है। यही कारण है कि नायब सरकार प्रदेश में सभी संत महापुरुषों की जयंतियों को राज्य स्तर पर पूरे सम्मान और श्रद्धा के साथ मना रही है।
डॉ. अर्चना गुप्ता ने कहा कि संत रविदास महाराज की जन्मस्थली वाराणसी से लाई गई पवित्र मिट्टी को गांव-गांव और घर-घर तक पहुंचाया जाएगा, ताकि हर व्यक्ति इस ऐतिहासिक और आध्यात्मिक अभियान से जुड़ सके।
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष डा. अर्चना गुप्ता ने भगवान श्रीराम मंदिर के भूमि पूजन की वर्षगांठ पर भी देश व प्रदेशवासियों को हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दी। उन्होंने कहा कि प्रभु श्रीराम का आदर्श जीवन सत्य, सेवा, मर्यादा, कर्तव्य और राष्ट्र समर्पण का सर्वाेच्च उदाहरण है। उनके जीवन से प्रेरणा लेकर प्रत्येक नागरिक को समाज और राष्ट्रहित में कार्य करना चाहिए।
पढ़ने के लिए धन्यवाद
आपका समय और भरोसा हमारे लिए बहुत मायने रखता है। अगर यह खबर आपके लिए उपयोगी रही, तो हमसे जुड़े रहें — हर ज़रूरी खबर के लिए Newsam को फ़ॉलो करें।


