*पंडित दीनदयाल उपाध्याय ने अंत्योदय’ का दर्शन दिया : अरविंद सैनी
न्यूज़म ब्यूरो
चंडीगढ़, 6 फरवरी। भाजपा 11 फरवरी को पं. दीनदयाल उपाध्याय की पुण्य तिथि पर प्रदेश में बूथ से लेकर मंडल स्तर पर समर्पण दिवस मनाएगी। कार्यक्रम को लेकर भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष पंडित मोहन लाल बड़ौली ने दो सदस्यीय समिति का गठन कर जिम्मेदारियां सौंप दी है। इस समिति में प्रदेश महामंत्री सुरेंद्र पूनिया और प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य महेश चौहान को जिम्मेदारी दी गई है। भाजपा प्रदेश मीडिया प्रभारी अरविंद सैनी ने बताया कि 11 फरवरी को बूथ, मंडल और जिला स्तर पर पंडित दीनदयाल उपाध्याय को स्मरण करते हुए पुष्पांजलि कार्यक्रम होंगे। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष पंडित मोहन लाल बड़ौली के दिशा निर्देशानुसार सभी जिलों में पंडित दीनदयाल उपाध्याय जी के जीवन पर आधारित गोष्ठियों का आयोजन किया जाएगा।
अरविंद सैनी ने बताया कि जिला स्तर पर होने वाली गोष्ठियों में सांसद, विधायक पार्षदों के अलावा वरिष्ठ पदाधिकारी शामिल होंगे। 11 फरवरी को होने वाले इन कार्यक्रमों में पंडित दीनदयाल जी के जीवन, योगदान, एकात्म मानवदर्शन, संगठनात्मक प्रणालियों तथा तथा प्रधानमंत्री मोदी द्वारा अंत्योदय की दिशा में किए गए प्रयासों पर चर्चा होगी।
प्रदेश मीडिया प्रभारी अरविंद सैनी ने कहा कि भाजपा पंडित दीनदयाल उपाध्याय की पुण्य तिथि को समर्पण दिवस के रूप में मनाती है। उन्होंने कहा कि पंडित दीनदयाल उपाध्याय ने एकात्म मानववाद और ’अंत्योदय’ का दर्शन दिया। दीनदयाल जी ने स्वदेशी, समावेशी विकास और सांस्कृतिक राष्ट्रवाद पर जोर दिया, पंडित दीनदयाल का मानना था कि समाज के अंतिम व्यक्ति का उत्थान ही वास्तविक विकास है।
अरविंद सैनी ने कहा कि भाजपा शुचिता और पारदर्शिता के सिद्धांतों पर कार्य करती है और जनता एवं कार्यकर्ताओं के सहयोग से ही आगे बढ़ती है। उन्होंने कहा कि पंडित दीनदयाल उपाध्याय की पुण्य तिथि पर सभी कार्यकर्ता उनके आदर्शों पर चलते हुए जनसेवा का संकल्प लेंगे।