Follow

अन्नदाताओं को परेशान करने के लिए कोई कसर नहीं छोड़ रही भाजपा सरकार : राव नरेंद्र सिंह 

Listen to this article
हरियाणा में किसान और महंगाई के मुद्दे पर बरसे कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष राव नरेंद्र सिंह, भिवानी में भाजपा सरकार को घेरा 
किसानों को आर्थिक तबाही से बचाने के लिए जल्द मुआवजा जारी करे सरकार : राव नरेंद्र सिंह
न्यूज़म ब्यूरो
चंडीगढ़/भिवानी, 1 अप्रैल। हरियाणा प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष राव नरेंद्र सिंह ने बुधवार को भिवानी का दौरा किया। इस दौरान उन्होंने जहां एक ओर शोक संतप्त परिवारों को ढांढस बंधाया, वहीं दूसरी ओर पत्रकारों से रूबरू होते हुए प्रदेश की भाजपा सरकार पर तीखे राजनीतिक हमले बोले। उन्होंने अनाज मंडियों में खरीद की व्यवस्था से लेकर रसोई गैस की बढ़ती कीमतों तक के मुद्दे पर सरकार को कटघरे में खड़ा किया। राव नरेंद्र सिंह सबसे पहले पूर्व सांसद चौधरी जंगबीर सिंह एवं वरिष्ठ पत्रकार अशोक कौशिक के निवास पर पहुंचे। उन्होंने पूर्व सांसद चौ. जंगबीर सिंह एवं अशोक कौशिक के भाई के निधन पर गहरा दुख प्रकट करते हुए इसे परिवार और समाज के लिए एक अपूरणीय क्षति बताया। उन्होंने कहा कि दुख की इस घड़ी में पूरी कांग्रेस पार्टी उनके साथ खड़ी है।
वही पत्रकारों से बातचीत के दौरान राव नरेंद्र सिंह का मुख्य निशाना कृषि और किसान रहे। मंडियों में शुरू हुई खरीद प्रक्रिया पर उन्होंने कहा कि सरकार ने खरीद प्रक्रिया में ऐसी जटिल और नाजायज शर्तें थोप दी हैं, जिससे किसान अपनी ही फसल बेचने के लिए दर-दर की ठोकरें खाने को मजबूर है। प्रदेशाध्यक्ष ने आरोप लगाया कि यह नियम किसानों की सुविधा के लिए नहीं, बल्कि उन्हें परेशान करने की एक गहरी साजिश का हिस्सा हैं।
उन्होंने कहा कि हाल ही में हुई ओलावृष्टि से किसानों की तैयार फसलें बर्बाद हो गई हैं। उन्होंने मांग की कि सरकार तुरंत प्रभाव से विशेष गिरदावरी करवाए और किसानों को उचित मुआवजा प्रदान करे ताकि उन्हें आर्थिक तबाही से बचाया जा सके। महंगाई के मुद्दे पर राव नरेंद्र सिंह ने केंद्र और राज्य सरकार को आड़े हाथों लिया। उन्होंने कमर्शियल गैस सिलेंडर की बढ़ती कीमतों को जनता की जेब पर डाका बताया। उन्होंने कहा कि कमर्शियल सिलेंडर के दाम में 218 रुपये की ताजा वृद्धि जनता के साथ भद्दा मजाक है। पिछले मात्र 3 महीनों में कीमतें 525 रुपये तक बढ़ गई हैं। उन्होंने कहा कि सरकार की वसूली जोरो पर है।
उन्होंने कहा कि इन बढ़ती कीमतों का सीधा असर छोटे कारोबारियों और आम जनता की थाली पर पड़ रहा है, लेकिन सरकार संवेदनहीन बनी हुई है। प्रदेशाध्यक्ष ने अंत में दोहराया कि जनता अब इस जुमला सरकार से ऊब चुकी है और आने वाले समय में कांग्रेस एक मजबूत विकल्प के रूप में उभरेगी। इस अवसर पर कांग्रेस ग्रामीण जिला अध्यक्ष अनिरूद्ध चौधरी, शहरी जिला अध्यक्ष प्रदीप जोगी, देवराज मेहता, सत्यजीत पिलानिया, समीर खटीक, अमन तवर राघव, नरेश तंवर जीएम, शीला गोरा, कामरेड रवि खन्ना, बलबीर सरोहा, दिनेश शास्त्री, अजीत बामला, हरेंद्र जाखड़, कैप्टन रामहेर जागडा, विरेंद्र सिवाच, शिवकुमार धानक, सुमित बराड़, वेद पुजारी, ईटीओ सुरेंद्र परमार, प्रताप सरपंच, अरविंद ढिल्लू बामला, अमित पंघाल, धीरज, डा. फूल सिंह धनाना, हरेंद्र जाखड़, जयवीर गोयत, रणदीप हुड्डा, पुनीत नुनीवाल सहित अन्य पदाधिकारी व कार्यकर्ता मौजूद रहे।
What are your Feelings
Advertisement
Tap to Refresh