चोट के कारण शुरुआती 2 मुकाबले नहीं खेलेंगे विकेटकीपर-बल्लेबाज, 21 वर्षीय कुमार कुशाग्र को टीम इंडिया ए में मिला मौका।
राहुल गुप्ता
नई दिल्ली, 12 अक्टूबर। भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (बीसीसीआई) ने न्यूजीलैंड ए के खिलाफ 3 मैचों की अनौपचारिक सीरीज के लिए इंडिया ए की टीम में बदलाव किया है। स्टार विकेटकीपर-बल्लेबाज ऋषभ पंत पूरी तरह फिट नहीं होने के कारण शुरुआती 2 मुकाबलों से बाहर हो गए हैं। उनकी जगह 21 वर्षीय विकेटकीपर-बल्लेबाज कुमार कुशाग्र को टीम में शामिल किया गया है। तीसरे मैच में पंत खेलेंगे या नहीं, इसका फैसला उनकी फिटनेस का आकलन करने के बाद लिया जाएगा।
पंत की फिटनेस पर बीसीसीआई की नजर
बीसीसीआई ने टीम की घोषणा करते समय ही पंत के चयन को उनकी फिटनेस से जोड़कर रखा था। बोर्ड के अनुसार, न्यूजीलैंड ए के खिलाफ सीरीज में उनकी भागीदारी फिटनेस पर निर्भर थी। फिलहाल वह शुरुआती 2 मैचों के लिए उपलब्ध नहीं रहेंगे।
ईरानी कप में रेस्ट ऑफ इंडिया की कप्तानी करते समय पंत के शरीर के बाईं ओर की मांसपेशियों में खिंचाव आ गया था। वह बीसीसीआई के चिकित्सकों की निगरानी में हैं और रिकवरी कर रहे हैं। तीसरे मुकाबले में उनकी उपलब्धता पर बाद में निर्णय लिया जाएगा।
ईरानी कप में बल्ले से नहीं चला था पंत का जादू
इस महीने की शुरुआत में रेस्ट ऑफ इंडिया ने जम्मू-कश्मीर को हराकर ईरानी कप का खिताब जीता था। हालांकि, उस मैच की दोनों पारियों में पंत बड़ी पारी खेलने में नाकाम रहे थे। उन्होंने पहली पारी में 10 और दूसरी पारी में 8 रन बनाए थे।
कुमार कुशाग्र के प्रदर्शन पर रहेंगी नजरें
पंत की जगह टीम में आए कुमार कुशाग्र ने हाल ही में ऑस्ट्रेलिया ए के खिलाफ अनौपचारिक टेस्ट सीरीज की 5 पारियों में 187 रन बनाए थे। इस दौरान उन्होंने एक शतक भी लगाया था।
कुशाग्र के प्रथम श्रेणी क्रिकेट करियर की बात करें तो उन्होंने अब तक 38 मैचों की 61 पारियों में 42.49 की औसत से 2,507 रन बनाए हैं। उनके नाम 7 शतक और 6 अर्धशतक दर्ज हैं। इस प्रारूप में उनका सर्वोच्च स्कोर 207 रन है। विकेटकीपर के रूप में वह 66 कैच लेने के साथ 15 खिलाड़ियों को स्टंप आउट भी कर चुके हैं।
इंडिया ए की संशोधित टीम
यशस्वी जायसवाल, केएल राहुल, देवदत्त पडिक्कल, रविचंद्रन स्मरण, ध्रुव जुरेल (कप्तान और विकेटकीपर), वॉशिंगटन सुंदर, औकिब नबी, आकाश दीप, अंशुल कंबोज, मानव सुथार, मुकेश चौधरी, साई सुदर्शन, यश राठौड़, मुकेश कुमार और कुमार कुशाग्र (विकेटकीपर, शुरुआती 2 मैचों के लिए)।
पढ़ने के लिए धन्यवाद
आपका समय और भरोसा हमारे लिए बहुत मायने रखता है। अगर यह खबर आपके लिए उपयोगी रही, तो हमसे जुड़े रहें — हर ज़रूरी खबर के लिए Newsam को फ़ॉलो करें।
