Follow

मानखुर्द मेट्रो स्टेशन के खंभे से टकराई बेस्ट बस, एक यात्री घायल

रीमा सिंह

मुंबई,18 सितंबर।

मानखुर्द स्टेशन ब्रिज पर शुक्रवार तड़के एक बेस्ट बस दुर्घटनाग्रस्त हो गई। चार राहगीरों को बचाने के प्रयास में चालक ने अचानक ब्रेक लगाया, जिसके बाद बस मानखुर्द मेट्रो स्टेशन के एक खंभे से जा टकराई। हादसे में बस में सवार एक यात्री के बाएं हाथ की कलाई और बाईं जांघ में चोट आई है।

राहगीरों को बचाने के दौरान हुआ हादसा

प्राप्त जानकारी के अनुसार, बेस्ट की बस क्रमांक 8057 (एमएच-01-ईएम-2767), रूट क्रमांक 501/41 पर ऐरोली बस स्टेशन से प्रतीक्षानगर डिपो की ओर जा रही थी। रात करीब 2.15 बजे मानखुर्द स्टेशन ब्रिज पर पहुंचने के दौरान चार राहगीरों ने अचानक सड़क के बाईं ओर से रास्ता पार करने का प्रयास किया। उन्हें बचाने के लिए बस चालक ने आपातकालीन ब्रेक लगाया। इसी दौरान बस अनियंत्रित होकर मानखुर्द मेट्रो स्टेशन के खंभे से टकरा गई।

Advertisement

घायल यात्री उपचार के लिए सायन अस्पताल पहुंचा

टक्कर के कारण बस में सवार एक यात्री घायल हो गया। उसके बाएं हाथ की कलाई और बाईं जांघ में चोट लगी। घायल यात्री ने तत्काल अपने परिजन से संपर्क किया और उपचार के लिए सायन अस्पताल चला गया। घायल यात्री का नाम और उम्र फिलहाल ज्ञात नहीं हो सकी है।

चालक और कंडक्टर ने पुलिस को दी सूचना

हादसे के बाद बस चालक और कंडक्टर मानखुर्द पुलिस स्टेशन पहुंचे और दुर्घटना की जानकारी दी। पुलिस उपनिरीक्षक गिरिश साठे ने बस कर्मचारियों के बयान दर्ज किए। पुलिस ने बताया कि घायल यात्री के पुलिस स्टेशन पहुंचने के बाद आगे की कार्रवाई और मामला दर्ज करने की प्रक्रिया की जाएगी।

क्षतिग्रस्त बस को प्रतीक्षानगर डिपो पहुंचाया

पुलिस की अनुमति के बाद दुर्घटनाग्रस्त बस को घटनास्थल से हटाया गया। बस चालक ने बेस्ट की टोइंग गाड़ी की व्यवस्था की और क्षतिग्रस्त बस को सुबह करीब 5.30 बजे प्रतीक्षानगर डिपो ले जाया गया। पुलिस मामले की आगे जांच कर रही है।

पढ़ने के लिए धन्यवाद

आपका समय और भरोसा हमारे लिए बहुत मायने रखता है। अगर यह खबर आपके लिए उपयोगी रही, तो हमसे जुड़े रहें — हर ज़रूरी खबर के लिए Newsam को फ़ॉलो करें।

Advertisement
Tap to Refresh