राहुल गुप्ता
नई दिल्ली, 4 अक्टूबर। वीरेंद्र सहवाग के 18 वर्षीय बेटे आर्यवीर सहवाग को पहली बार बड़ी जिम्मेदारी मिली है। उन्हें वीनू मांकड़ ट्रॉफी के लिए दिल्ली की अंडर-19 क्रिकेट टीम का कप्तान बनाया गया है। दिल्ली क्रिकेट बोर्ड (DDCA) ने टूर्नामेंट के लिए 16 सदस्यीय टीम का ऐलान किया है। प्रतियोगिता के मुकाबले 8 अक्टूबर से विशाखापट्टनम में खेले जाएंगे।
आर्यवीर हाल ही में भारत की अंडर-19 टीम के लिए अपना अंतरराष्ट्रीय स्तर का पहला मैच खेल चुके हैं। पिछले महीने राजकोट में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ 3 मैचों की वनडे सीरीज में उन्हें भारतीय टीम में शामिल किया गया था। पहले मुकाबले में आर्यवीर ने 26 गेंदों पर 28 रन बनाए थे और बारिश से प्रभावित मैच में भारत ने ऑस्ट्रेलिया को 7 रन से हराया था।
ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ 47 रन की पारी ने खींचा ध्यान
सीरीज के दूसरे वनडे में आर्यवीर ने अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन किया। उन्होंने संयम के साथ बल्लेबाजी करते हुए 47 रन बनाए और टीम के लिए कुछ अहम साझेदारियां कीं। हालांकि, रन आउट होने के कारण वह 3 रन से अर्धशतक से चूक गए। तीसरे मैच में भी उन्होंने अच्छी शुरुआत की, लेकिन 34 रन बनाकर आउट हो गए। 3 मैचों की सीरीज में आर्यवीर ने कुल 109 रन बनाए।
DPL में खेले सिर्फ 2 मुकाबले
भारत की अंडर-19 टीम में चयन आर्यवीर के लिए अहम पड़ाव रहा। इससे पहले उन्हें बड़े स्तर पर ज्यादा खेलने का अनुभव नहीं था। 2026 की दिल्ली प्रीमियर लीग में उन्होंने वेस्ट दिल्ली लायंस के लिए सिर्फ 2 मैच खेले और 24 रन बनाए थे।
हालांकि, जूनियर क्रिकेट में वह 2024 में चर्चा में आए थे। उस दौरान दिल्ली की ओर से खेलते हुए उन्होंने मेघालय के खिलाफ एक मैच में 297 रन की शानदार पारी खेली थी।
आर्यवीर ने बताई अपनी बल्लेबाजी की चुनौती
ऑस्ट्रेलिया सीरीज के बाद आर्यवीर ने कहा था कि उन्हें अच्छी शुरुआत को बड़ी पारियों में बदलना सीखना होगा। उन्होंने माना था कि सीरीज में मिले मौकों को वह बड़े स्कोर में तब्दील नहीं कर सके। उनके मुताबिक, पारी को अलग-अलग हिस्सों में बांटकर लंबे समय तक बल्लेबाजी करने का तरीका उन्होंने इस सीरीज से सीखा।
अब दिल्ली की अंडर-19 टीम की कप्तानी मिलने के बाद आर्यवीर के सामने अपनी बल्लेबाजी के साथ नेतृत्व क्षमता दिखाने की भी चुनौती होगी। 16 सदस्यीय टीम में अर्नव बुग्गा को उप-कप्तान बनाया गया है। दिल्ली अपना अभियान 8 अक्टूबर से विशाखापट्टनम में शुरू करेगी।
वीनू मांकड़ ट्रॉफी के लिए दिल्ली का स्क्वॉड
आर्यवीर सहवाग (कप्तान), तन्मय चौधरी, अर्नव बुग्गा (उपकप्तान), धन्य नाकरा, उदय चावला, गर्व कुमार, अभिराज गगन सिंह (विकेटकीपर), तरुण सिंह (विकेटकीपर), आर्यन शर्मा, ओजसदीप सिंह, किरीट कौशिक, वरुण वंजानी, रुद्र देव यादव, प्रद्युम्न सनन, पार्थ राज और शांतनु यादव।
पढ़ने के लिए धन्यवाद
आपका समय और भरोसा हमारे लिए बहुत मायने रखता है। अगर यह खबर आपके लिए उपयोगी रही, तो हमसे जुड़े रहें — हर ज़रूरी खबर के लिए Newsam को फ़ॉलो करें।
