Follow

अखिलेश यादव का सरकार पर हमला, बोले—118 एफआईआर के बावजूद सच्चाई छिपा रही है सरकार

Listen to this article

लखनऊ। शनिवार को समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने कोडिन कफ सिरप मामले को लेकर योगी सरकार पर गंभीर आरोप लगाए। उन्होंने कहा कि प्रदेश के 36 जिलों में 118 से अधिक एफआईआर दर्ज हो चुकी हैं, इसके बावजूद सरकार अहम तथ्यों को छिपा रही है। अखिलेश ने दावा किया कि उत्तर प्रदेश में लंबे समय से कफ सिरप का काला कारोबार चल रहा था, लेकिन अब तक जिम्मेदार लोगों पर ठोस कार्रवाई नहीं हुई।

फोटो विवाद पर तंज कसते हुए अखिलेश यादव ने कहा कि अगर किसी के साथ तस्वीर होना ही अपराध का प्रमाण है, तो उनकी तस्वीर मुख्यमंत्री और दोनों उपमुख्यमंत्रियों के साथ भी है। उन्होंने कहा कि तस्वीरों के आधार पर आरोप लगाना सरकार की मजबूरी हो सकती है, लेकिन जनता सब समझती है।

एक दिन पहले अखिलेश यादव ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर शायराना अंदाज में सरकार पर निशाना साधते हुए लिखा था—
“जब खुद फंस जाओ, तो दूसरों पर इल्जाम लगाओ, ये खेल हुआ पुराना, हुक्मरान कोई नई बात बताओ।”

Advertisement

उन्होंने मुख्यमंत्री और दोनों डिप्टी सीएम की तस्वीरें साझा करते हुए तंज कसा कि डर के मारे सब साथ खड़े नजर आ रहे हैं। अखिलेश ने कहा कि नशाखोरी की जांच के लिए एसटीएफ के साथ-साथ जीटीएफ भी गठित कर दी जानी चाहिए।

सपा प्रमुख ने यह भी आरोप लगाया कि अवैध और जहरीली कफ सिरप की जांच कर रही एसटीएफ की भूमिका संदेह के घेरे में है और वह अवैध कारोबारियों से मिली हुई है। उन्होंने कहा कि अब तक कोई प्रभावी कार्रवाई नहीं होना इस बात का सबूत है कि सरकार सच्चाई से बच रही है।

 

What are your Feelings
Advertisement
Tap to Refresh