आरती श्रीवास्तव
मुंबई। फिल्मी दुनिया और मायानगरी मुंबई में इन दिनों बस एक ही पार्टी का जिक्र और खोज खबर इंटरनेट पर सबसे ज्यादा हो रहा है…और वो है ग्रीक गॉड के नाम से फैंस के बीच पहचाने जाने वाले सुपरस्टार ऋतिक रोशन के चचेरे भाई ईशान रोशन और ऐश्वर्या सिंह की ग्रैंड वेडिंग पार्टी का। पार्टी के वीडियोस और स्टिल फोटोग्राफ्स को इंटरनेट पर तलाशने ढूंढने वालों ने नए नए रिकॉर्ड बनाने शुरू कर दिए हैं।

फिल्म निर्माता निर्देशक राकेश के छोटे भाई और फिल्म संगीतकार राजेश रोशन के इकलौते बेटे ईशान की शादी जिस अंदाज़ में, बेहद करीबी दोस्तों रिश्तेदारों के बीच मुंबई में संपन्न हुई, उसने रुपहले पर्दे की हर जानकारी मालूम करने वालों के बीच कौतूहल को और भी बढ़ा दिया है।

शादी से पहले ईशान रोशन और ऐश्वर्या सिंह ने हल्दी की रस्म के दौरान रंग बिरंगे परिधान पहने, जबकि फैमिली मेंबर्स और ऐश्वर्या की साइड के सदस्य पीले कपड़े पहने दिखाई दिए।

हल्दी रस्म के बीच एक वक्त ऐसा भी आया, जब विवाह को तैयार ईशान और ऐश्वर्या फैमिली के बीच आए तो ढोल नगाड़े की धमधमाती और शरीर की धमनियों में रक्त की रफ्तार बढ़ा देने आवाज के बीच…यहां परिजनों को देख ऐश्वर्या अपने कदमों को रोक नहीं सकीं और थिरकते हुए आगे बढ़ती देखी गईं।

मौके पर रोशन फैमिली के सभी सदस्य पलक पांवड़े बिछाए नव युगल के इस्तकबाल को आतुर दिखे। यादगार लम्हों के बीच हर कोई अपनी आमद दर्ज़ कराने को बेताब दिखाई दिया।

वहीं ऐन शादी के मौके पर ऐश्वर्या सिंह डस्टी रोज और लाइट पिंक कलर के बेशकीमती लहंगा पहने थीं, जिसमें सुनहरे जरी का काम और नाजुक बूटियों के डिजाइन से बेहद खूबसूरत बना हुआ दिखा, वहीं ईशान ने हल्के रंग की शेरवानी पहनी हुई थी और सिर पर टाइट सेहरा बंधा हुआ था।

यहां पार्टी के दौरान ग्रीक गॉड के नाम से मशहूर ऋतिक रोशन ने पने छोटे चचेरे भाई की शादी के दौरान लाइट ग्रे कलर का डिजाइनर कुर्ता पजामा पहना हुआ था, जबकि उनके दोनों बेटों ह्रहान और ह्रिदान सफेद और काले कपड़ों में दिखे। हालांकि सभी सुनहरी पगड़ी बांधे जलवा बिखेरते दिखाई दिए।
यादगार लम्हों को समेटने का एक मौका ऐसा भी आया, जब ऋतिक अपने एक बेटे और चचेरी बहन पश्मीना के साथ फोटो सेशन के लिए जमीन पर बैठे भी दिखे, जबकि उनके पापा राकेश रोशन की खुशी का ठिकाना नहीं था कि भतीजे की शादी हो रही है।
जानकारों का कहना है कि रोशन फैमिली ने मूल रूप से उत्तर प्रदेश से ताल्लुक रखने वाली फैमिली से संबंध बनाए हैं। ईशान की दुल्हन ऐश्वर्या सिंह का ननिहाल यहीं है। बताया जाता है कि ऐश्वर्या को फैमिली मेंबर्स के बीच ब्यूटी विथ ब्रेन वाला माना जाता है।
बचपन से पढ़ाई लिखाई में बेहद मेधावी रहीं ऐश्वर्या उच्च शिक्षा प्राप्त हैं और मॉडलिंग में हाथ आजमा चुकी हैं। उनकी एक फिल्म फौजा भी आ चुकी है, हालांकि उनकी किस्मत तब नहीं जागी, जो अब रोशन हो चुकी है।