सभागृह नेता ने मनपा आयुक्त अश्विनी भिडे को पत्र देकर पर्याप्त और स्थायी प्रकाश व्यवस्था की मांग की,महिलाओं और वरिष्ठ नागरिकों की सुरक्षा पर जोर
मुंबई, 6 अक्टूबर । मुंबई के विभिन्न मेट्रो रेल स्टेशनों के आसपास अपर्याप्त प्रकाश व्यवस्था का मुद्दा अब महानगरपालिका के सामने उठाया गया है। रात के समय इन इलाकों में पर्याप्त रोशनी नहीं होने से नागरिकों, विशेषकर महिलाओं, वरिष्ठ नागरिकों और विद्यार्थियों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। उनकी सुरक्षा के लिहाज से भी इसे गंभीर समस्या बताया गया है।
मनपा आयुक्त को पत्र
इस संबंध में बृहन्मुंबई महानगरपालिका के सभागृह नेता गणेश खणकर ने मनपा आयुक्त अश्विनी भिडे को पत्र देकर मेट्रो स्टेशनों के आसपास पर्याप्त, सुरक्षित और स्थायी प्रकाश व्यवस्था उपलब्ध कराने की मांग की है। उन्होंने कहा कि मेट्रो स्टेशनों के आसपास रात के समय नागरिकों की बड़ी संख्या में आवाजाही होती है, इसलिए अंधेरे वाले स्थानों को प्राथमिकता के आधार पर रोशन किया जाना जरूरी है।
हाईमास्ट और एलईडी लाइट लगाने की मांग
खणकर ने कहा कि मेट्रो स्टेशनों तक पहुंचने वाली सड़कें, फुटपाथ, पैदल मार्ग, प्रवेश और निकास मार्ग तथा स्टेशन के आसपास के क्षेत्रों में जरूरत के अनुसार हाईमास्ट, एलईडी स्ट्रीट लाइट और आधुनिक प्रकाश व्यवस्था स्थापित की जानी चाहिए। उन्होंने मौजूदा स्ट्रीट लाइट की नियमित देखभाल और मरम्मत सुनिश्चित करने की भी मांग की, ताकि ये लाइटें हमेशा चालू स्थिति में रहें।
महिलाओं और वरिष्ठ नागरिकों की सुरक्षा पर जोर
गणेश खणकर ने कहा कि मुंबईकरों की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जानी चाहिए। रात में मेट्रो स्टेशनों पर यात्रियों की काफी आवाजाही रहती है। ऐसे में स्टेशन परिसर और आसपास के अंधेरे क्षेत्रों को तत्काल रोशन करना आवश्यक है। पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था से नागरिकों को सुरक्षित आवागमन में मदद मिलेगी।
सभी मेट्रो स्टेशनों का निरीक्षण करने की मांग
खणकर ने महानगरपालिका प्रशासन से बृहन्मुंबई के सभी मेट्रो रेल स्टेशनों और उनसे लगे क्षेत्रों का निरीक्षण करने की मांग की है। उन्होंने कहा कि स्टेशन के नीचे और आसपास के क्षेत्रों में जहां भी प्रकाश व्यवस्था अपर्याप्त है, वहां सुरक्षित और गुणवत्तापूर्ण प्रकाश व्यवस्था उपलब्ध कराने के लिए तत्काल आवश्यक कदम उठाए जाएं।
पढ़ने के लिए धन्यवाद
आपका समय और भरोसा हमारे लिए बहुत मायने रखता है। अगर यह खबर आपके लिए उपयोगी रही, तो हमसे जुड़े रहें — हर ज़रूरी खबर के लिए Newsam को फ़ॉलो करें।
