राहुल गुप्ता
चंद्रपुर, 6 अक्टूबर। महाराष्ट्र के चंद्रपुर-बल्लारपुर बायपास पर सोमवार रात डीजल से भरा टैंकर अचानक पलट गया। टैंकर से बड़ी मात्रा में ज्वलनशील डीजल सड़क पर फैलने लगा। हादसे की खबर मिलते ही मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई और कई लोग बहते डीजल के आसपास पहुंचने लगे। इससे आगजनी और बड़े हादसे का खतरा बढ़ गया।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस, फायर ब्रिगेड और एंबुलेंस की टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने तत्काल भीड़ को घटनास्थल से दूर हटाया और इलाके को सुरक्षित किया। साथ ही चंद्रपुर-बल्लारपुर मार्ग पर यातायात को नियंत्रित किया गया। समय रहते पुलिस की सक्रियता से संभावित बड़ा हादसा टल गया।
कामगार चौक के पास पलटा टैंकर
हादसा रात करीब 11 बजे कामगार चौक के पास हुआ। चंद्रपुर से बल्लारपुर की ओर जा रहा डीजल कैप्सूल टैंकर नंबर GJ12 CT 4999 अचानक अनियंत्रित होकर सड़क के बीचोंबीच पलट गया। इसके बाद टैंकर से बड़ी मात्रा में डीजल बहने लगा और सड़क पर ज्वलनशील ईंधन फैल गया।
बहते डीजल के पास पहुंचने लगी भीड़

टैंकर पलटने की खबर फैलते ही बड़ी संख्या में लोग मौके पर पहुंच गए। कुछ लोग सड़क पर बह रहे डीजल को जमा करने के लिए टैंकर के पास जाने लगे। ज्वलनशील ईंधन के बीच लोगों की मौजूदगी से किसी भी समय आग लगने का खतरा बना हुआ था।
चंद्रपुर शहर पुलिस और रामनगर पुलिस ने तत्काल मौके पर पहुंचकर स्थिति संभाली। पुलिस ने पहले भीड़ को हटाकर घटनास्थल को सुरक्षित किया। इसके बाद एंबुलेंस और फायर ब्रिगेड को भी मौके पर बुलाया गया।
लंबा जाम, पुलिस ने संभाला यातायात
टैंकर के सड़क पर पलटने के कारण चंद्रपुर-बल्लारपुर मार्ग पर वाहनों की लंबी कतार लग गई। रामनगर पुलिस स्टेशन की पुलिस निरीक्षक प्रभावती एकुरके और चंद्रपुर शहर पुलिस स्टेशन के पुलिस निरीक्षक श्याम गव्हाणे पुलिसकर्मियों के साथ मौके पर मौजूद रहे और यातायात को नियंत्रित किया।
सड़क पर फैला डीजल, पलटा हुआ टैंकर और आसपास जमा भीड़ के कारण कुछ समय के लिए कामगार चौक पर स्थिति बेहद गंभीर हो गई थी। पुलिस और राहत टीमों की तत्परता से हालात पर नियंत्रण पाया गया और संभावित आगजनी या बड़ी दुर्घटना को टाला जा सका।
पढ़ने के लिए धन्यवाद
आपका समय और भरोसा हमारे लिए बहुत मायने रखता है। अगर यह खबर आपके लिए उपयोगी रही, तो हमसे जुड़े रहें — हर ज़रूरी खबर के लिए Newsam को फ़ॉलो करें।
