Listen to this article
चंडीगढ़ : चंडीगढ़ UT प्रशासन द्वारा शहर में सुगम यातायात सुनिश्चित करने हेतु प्रमुख सड़कों—V1, V2 एवं V3—पर चल रहे मरम्मत एवं पुनः-कारपेटिंग कार्यों को समयबद्ध रूप से पूर्ण करने के लिए सभी आवश्यक कदम उठाए जा रहे हैं। सड़कों की व्यापक जांच की गई, जिसके आधार पर उन्हें ‘अत्यंत खराब’, ‘खराब’ तथा ‘संतोषजनक’ श्रेणियों में वर्गीकृत किया गया है और उसी के अनुसार मरम्मत एवं पुनः-कारपेटिंग कार्य प्रगति पर हैं।
आज प्रमुख स्थलों पर चल रहे कार्यों का निरीक्षण चंडीगढ़ के मुख्य अभियंता सीबी ओझा द्वारा संबंधित सुपरिटेंडिंग इंजीनियरों एवं एक्सेक्यूटिव इंजीनियरों के साथ किया गया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने निर्देश दिया कि सभी कार्य निर्धारित तकनीकी मानकों व विशिष्टताओं के अनुरूप हों, ताकि सड़कें टिकाऊ और सुरक्षित रहें। इस उद्देश्य से नियमित रूप से सैंपलिंग एवं सामग्री की गुणवत्ता जांच की जा रही है तथा स्वतंत्र एजेंसियों द्वारा तृतीय-पक्ष निरीक्षण भी किया जा रहा है।
मुख्य अभियंता सीबी ओझा ने इंजीनियरिंग टीमों को निर्देशित किया कि अनुमोदित समयसीमा का सख्ती से पालन किया जाए, ताकि सभी परियोजनाएं निर्धारित अवधि में पूरी की जा सकें। उन्होंने प्रत्येक चरण में उपयुक्त पर्यवेक्षण, समय पर निरीक्षण एवं तकनीकी नियमों के अनुपालन के महत्व पर जोर दिया। चंडीगढ़ प्रशासन निवासियों को सुगम, सुरक्षित एवं बेहतर सड़क अवसंरचना उपलब्ध कराने के लिए प्रतिबद्ध है और चरणबद्ध एवं प्रभावी तरीके से शहर की प्रमुख सड़कों को उन्नत करने के लिए निरंतर प्रयासरत है।
What are your
Feelings