पठानकोट, होशियारपुर और रूपनगर में बारिश का यलो अलर्ट जारी किया
मौसम विभाग का मोहाली, रूपनगर, शहीद भगत सिंह नगर में रेड अलर्ट
मुक्तसर में विधायक जगदीप सिंह काका बराड़ के घर में घुटनों तक पानी
भाखड़ा का जलस्तर सुबह 1671.89 फीट, जबकि खतरे का निशान 1680 है
सरकार और प्रशासन संकट की घड़ी में लोगों की मदद को पूरी तरह प्रतिबद्ध
पंजाब डेस्क : पंजाब में बारिश और बांधों से लगातार पानी छोड़े जाने के कारण पंजाब के पठानकोट, गुरदासपुर, तरनतारन, होशियारपुर, कपूरथला, फिरोजपुर और फाजिल्का बाढ़ की चपेट में हैं। वही आज से अगले तीन दिन पंजाब के लिए खतरे के हैं। पंजाब के तीन जिलों पठानकोट, होशियारपुर और रूपनगर में बारिश का यलो अलर्ट जारी है। इसके साथ ही मौसम विभाग ने मोहाली, रूपनगर, शहीद भगत सिंह नगर और होशियारपुर में बारिश काे लेकर रेड अलर्ट जारी किया है।
विधायक निवास पर जलभराव
लगातार बारिश ने आज एक बार फिर मुक्तसर को जलमग्न कर दिया है। मुक्तसर के अलग-अलग बाजारों में बारिश का पानी और सीवरेज मिक्स होकर लोगों की दुकानों तक पहुंच रहा है। मुक्तसर के कोटकपूरा चौक खालसा स्कूल रोड स्थित विधायक जगदीप सिंह काका बराड़ के घर में पानी घुटनों तक पहुंच गया है। वहीं इस बारिश ने एक बार फिर प्रशासन की कमियों को उजागर कर दिया है, जहां निकासी न होने के कारण बारिश का पानी बाजारों में भर गया है।
सुखना लेक के दो फ्लड गेट खोले
सुखना लेक में जलस्तर बढ़ने के बाद दो फ्लड गेट खोले गए हैं। जिसके बाद पटियाला के कई गांवों के लोगों को अलर्ट रहने की हिदायत दी गई है। इसके साथ ही आज भाखड़ा बांध का जलस्तर खतरे के निशान से महज 8 फीट ही नीचे रह गया है। भाखड़ा का जलस्तर सुबह 1671.89 फीट आंका गया, जबकि खतरे का निशान 1680 निर्धारित है। भाखड़ा बांध के चारों फ्लड गेट चार-चार फुट तक खोला गए हैं। वहीं, भाखड़ा बांध में पानी की आमद 50524 क्यूसेक है।
लोगों की मदद के लिए प्रतिबद्ध
वही अब तक बाढ़ और बारिश के कारण 3 लोगों की मौत हो गई है, जबकि 4 लोग लापता बताए जा रहे है। पंजाब के 7 जिलों में बनी बाढ़ की स्थिति के बीच मुख्यमंत्री भगवंत मान ने चंडीगढ़ में मंत्रियों और अधिकारियों की इमरजेंसी मीटिंग बुलाई है। इस बैठक में बाढ़ के हालातों का फीडबैक लिया जाएगा और आगे की रणनीति तैयार की जाएगी। राज्य सरकार और प्रशासन इस संकट की घड़ी में लोगों की मदद के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध हैं।