Follow

नवजातों की कथित खरीद-फरोख्त का मामला: चार बच्चे सुरक्षित, दो अब भी लापता

पुलिस ने मनपा से मांगा 14 साल का रिकॉर्ड, भोजने दंपति को जेल भेजा गया,तीन जिलों से बरामद किए गए बच्चे

न्यूज़म ब्यूरो

अमरावती,24 नवंबर। नवजात बच्चों की कथित अवैध खरीद-फरोख्त और अदला-बदली के मामले में पुलिस की जांच तेज हो गई है। इस मामले में 11 नवंबर को गिरफ्तार डॉ. वैशाली भोजने और उसके पति प्रफुल्ल भोजने को 10 दिन की पुलिस हिरासत के बाद 21 नवंबर को जेल भेज दिया गया। पूछताछ में दंपति ने वर्ष 2014 से 2026 के बीच बिचौलियों की मदद से छह नवजात बच्चों की कथित खरीद-फरोख्त और अदला-बदली की जानकारी दी है। इनमें से चार बच्चों को पुलिस ने सुरक्षित बरामद कर लिया है, जबकि दो का अब तक कोई सुराग नहीं मिला है।

तीन जिलों से बरामद किए गए बच्चे

फ्रेजरपुरा पुलिस ने बरामद चार बच्चों में इस मामले की मुख्य पीड़िता 17 वर्षीय नाबालिग का बच्चा भी शामिल है। अन्य तीन बच्चों को अमरावती, वर्धा और अकोला जिले के तीन दंपतियों के पास से बरामद किया गया। इन बच्चों की डीएनए जांच कराई जा रही है। 18 अक्टूबर को फ्रेजरपुरा थाने में दर्ज इस मामले में अब तक 13 लोगों को गिरफ्तार किया जा चुका है।

Advertisement

दलालों और मध्यस्थों पर भी कार्रवाई

पुलिस ने भोजने दंपति के अलावा बच्चों को खरीदने के आरोप में तीन दंपतियों, दलाल निर्मल सरदार, डफरीन अस्पताल की संविदा कर्मचारी संगीता, मध्यस्थ मेरी उर्फ प्रतिभा और नाबालिग पीड़िता को डॉ. भोजने तक पहुंचाने वाले डॉ. मयूर दांडगे को गिरफ्तार किया है। पीड़िता को गर्भवती करने के आरोपी साढ़े 16 वर्षीय नाबालिग लड़के को भी पुलिस ने हिरासत में लिया है।

मनपा से जन्म प्रमाणपत्रों का हिसाब मांगा

जांच में सामने आया है कि डॉ. भोजने ने तीन बच्चों का जन्म अपने अस्पताल में होने का रिकॉर्ड दिखाकर महानगरपालिका से उनके जन्म प्रमाणपत्र बनवाए थे। अब फ्रेजरपुरा पुलिस ने मनपा के सार्वजनिक स्वास्थ्य विभाग से इन प्रमाणपत्रों को जारी करने के आधार और संबंधित दस्तावेजों की विस्तृत जानकारी मांगी है। इसके साथ ही भोजने मैटरनिटी एंड सोनोग्राफी सेंटर का पिछले 13 से 14 वर्षों का रिकॉर्ड भी तलब किया गया है।

चार आरोपियों से पूछताछ जारी

फिलहाल मामले की मध्यस्थ मेरी, अस्पताल कर्मचारी संगीता, दलाल निर्मल सरदार और अचलपुर तहसील का एक दंपति पुलिस हिरासत में है। पुलिस लापता दोनों बच्चों की तलाश के साथ ही पूरे नेटवर्क और जन्म प्रमाणपत्रों से जुड़े दस्तावेजों की जांच कर रही है।

पढ़ने के लिए धन्यवाद

आपका समय और भरोसा हमारे लिए बहुत मायने रखता है। अगर यह खबर आपके लिए उपयोगी रही, तो हमसे जुड़े रहें — हर ज़रूरी खबर के लिए Newsam को फ़ॉलो करें।

Advertisement
↑
Tap to Refresh