Follow

गार्डन में कपल के साथ हुई घटना के बाद जागा प्रशासन संवेदनशील गार्डन में लगेंगे सीसीटीवी

पायलट प्रोजेक्ट के तहत जल्द निकलेगा टेंडर, सुरक्षा गार्ड की तैनाती और पुलिस पेट्रोलिंग बढ़ाने की भी मांग

न्यूज़म ब्यूरो

मुंबई, 23 नवंबर । कुर्ला के फीनिक्स मॉल के पास स्थित प्रमोद महाजन गार्डन में एक कपल के साथ मारपीट और बदसलूकी की घटना के बाद बीएमसी प्रशासन ने शहर के गार्डन की सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की तैयारी शुरू कर दी है। इसके तहत संवेदनशील गार्डन में सीसीटीवी कैमरे लगाए जाएंगे। इसके लिए जल्द ही टेंडर जारी किया जाएगा।

मुंबई में बीएमसी के 300 से अधिक गार्डन और करीब 400 खेल मैदान हैं। इनमें कई जगहों पर असामाजिक तत्वों का जमावड़ा, नशाखोरी, शराब सेवन और सार्वजनिक संपत्ति में तोड़फोड़ की शिकायतें मिलती रहती हैं। नवंबर 2025 में भी बीएमसी ने कुछ गार्डन में पायलट प्रोजेक्ट के तहत सीसीटीवी लगाने का निर्णय लिया था, लेकिन योजना आगे नहीं बढ़ सकी। अब कुर्ला की घटना के बाद इसे फिर शुरू करने की तैयारी है।

संवेदनशील गार्डन की बनेगी सूची

Advertisement

बीएमसी अधिकारी के अनुसार, पहले संवेदनशील गार्डन की सूची तैयार कर वहां सीसीटीवी लगाए जाएंगे। पायलट प्रोजेक्ट सफल रहने पर इसे अन्य गार्डन और खेल मैदानों तक विस्तारित किया जाएगा। इस संबंध में जल्द बैठक कर रणनीति तय की जाएगी।

पुलिस पेट्रोलिंग और सुरक्षा गार्ड की मांग

बाजार एवं उद्यान समिति की अध्यक्ष हेतल गाला ने बीएमसी आयुक्त को पत्र लिखकर सभी गार्डन में सीसीटीवी लगाने, सुरक्षा गार्ड तैनात करने और पुलिस पेट्रोलिंग बढ़ाने की मांग की है। उन्होंने कहा कि कुर्ला की घटना बेहद दुखद है और प्रशासन को अब बिना देरी सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करनी चाहिए। इस संबंध में उन्होंने मुंबई पुलिस आयुक्त को भी पत्र दिया है।

नशेड़ियों का जमावड़ा, नागरिक परेशान

गोवंडी के एमआईएम नगरसेवक जमीर कुरैशी ने कहा कि एम-ईस्ट वार्ड के कई गार्डन की हालत खराब है। शाम होते ही वहां नशेड़ियों का जमावड़ा लग जाता है, जिससे बुजुर्गों, महिलाओं और बच्चों की सुरक्षा खतरे में पड़ जाती है। गार्डन में तोड़फोड़ की शिकायतों के बावजूद प्रशासन की ओर से ठोस कार्रवाई नहीं हो रही है।

स्थानीय नागरिकों का कहना है कि कई गार्डन और खेल मैदानों में रखरखाव, रोशनी और मूलभूत सुविधाओं की कमी है। कुछ स्थानों पर केयरटेकर और निजी सुरक्षा गार्ड तैनात होने के बावजूद सुरक्षा संबंधी समस्याएं बनी हुई हैं। बीएमसी अधिकारियों के मुताबिक, सीसीटीवी फुटेज से पुलिस को अपराधों की जांच और रोकथाम में मदद मिलेगी।

पढ़ने के लिए धन्यवाद

आपका समय और भरोसा हमारे लिए बहुत मायने रखता है। अगर यह खबर आपके लिए उपयोगी रही, तो हमसे जुड़े रहें — हर ज़रूरी खबर के लिए Newsam को फ़ॉलो करें।

Advertisement
↑
Tap to Refresh