Follow

अमित शाह 15 नवंबर से दौरे पर, एनएचईसी पुनरुद्धार परियोजना की रखेंगे आधारशिला

16 नवंबर को अजित पवार की प्रतिमा का करेंगे अनावरण, वर्षों से बंद सहकारी संस्थान को फिर शुरू करने की तैयारी

न्यूज़म ब्यूरो

पुणे, 13 नवंबर। केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह 15 नवंबर से महाराष्ट्र के दो दिवसीय दौरे पर रहेंगे। इस दौरान वह पुणे में वर्षों से बंद पड़े नेशनल हेवी इंजीनियरिंग कोऑपरेटिव (एनएचईसी) की पुनरुद्धार परियोजना की आधारशिला रखेंगे। इसके अलावा 16 नवंबर को जिला परिषद परिसर में महाराष्ट्र के दिवंगत उपमुख्यमंत्री अजित पवार की प्रतिमा का अनावरण करेंगे।

सहकारी संस्थान को फिर शुरू करने की पहल

एनएचईसी की पुनरुद्धार परियोजना की आधारशिला 15 नवंबर को रखी जाएगी। तलेगांव में वर्ष 1974 में स्थापित यह सहकारी संस्थान कई वर्षों से बंद है। केंद्रीय सहकारिता राज्य मंत्री मुरलीधर मोहोल ने बताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ‘सहकार से समृद्धि’ अभियान के तहत सहकारी क्षेत्र को मजबूत करने के उद्देश्य से यह पहल की जा रही है। इसके लिए अमित शाह और केंद्र सरकार ने विशेष प्रयास किए हैं।

Advertisement

चीनी और डेयरी उद्योगों के लिए बनेगी आधुनिक मशीनरी

मोहोल के अनुसार, एनएचईसी के दोबारा शुरू होने से चीनी और डेयरी उद्योगों के लिए आधुनिक मशीनरी का निर्माण किया जा सकेगा। इससे मावल और पुणे जिले में रोजगार के नए अवसर पैदा होंगे। साथ ही स्थानीय उद्योगों को बढ़ावा मिलने के अलावा मशीनरी के निर्यात की संभावनाएं भी बढ़ेंगी।

अजित पवार की प्रतिमा का करेंगे अनावरण

दौरे के दूसरे दिन 16 नवंबर को अमित शाह जिला परिषद परिसर में राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (राकांपा) के दिवंगत नेता अजित पवार की प्रतिमा का अनावरण करेंगे। अजित पवार का इसी वर्ष 28 जनवरी को एक विमान दुर्घटना में निधन हो गया था।

पढ़ने के लिए धन्यवाद

आपका समय और भरोसा हमारे लिए बहुत मायने रखता है। अगर यह खबर आपके लिए उपयोगी रही, तो हमसे जुड़े रहें — हर ज़रूरी खबर के लिए Newsam को फ़ॉलो करें।

Advertisement
↑
Tap to Refresh