Follow

दिवाली-छठ पर घर जाने वालों को राहत, उधना से चलेंगी 5 जोड़ी अनारक्षित स्पेशल ट्रेनें

जयनगर के लिए तीन, झंझारपुर और मधुबनी के लिए एक-एक जोड़ी ट्रेन; बिहार और यूपी जाने वाले यात्रियों को मिलेगा अतिरिक्त विकल्प

न्यूज़म ब्यूरो

मुंबई, 07 नवंबर। दिवाली और छठ पर्व पर बिहार एवं उत्तर प्रदेश जाने वाले प्रवासी यात्रियों की भीड़ लगातार बढ़ रही है। मुंबई, पुणे और सूरत जैसे शहरों से लाखों लोग अपने घरों का रुख कर रहे हैं। इसके चलते नियमित ट्रेनों में लंबी वेटिंग लिस्ट के साथ स्पेशल ट्रेनों में भी जगह मिलना मुश्किल हो गया है। यात्रियों की बढ़ती संख्या और भीड़ को देखते हुए पश्चिम रेलवे ने उधना से पांच जोड़ी अनारक्षित स्पेशल ट्रेनें चलाने का निर्णय लिया है। इनमें जयनगर के लिए तीन जोड़ी तथा झंझारपुर और मधुबनी के लिए एक-एक जोड़ी ट्रेन शामिल हैं। सभी ट्रेनों में सामान्य श्रेणी के डिब्बे होंगे, जिससे बिना आरक्षण यात्रा करने वाले यात्रियों को राहत मिलेगी।

जयनगर के लिए तीन जोड़ी ट्रेनें

पश्चिम रेलवे के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी विनीत अभिषेक के अनुसार, ट्रेन संख्या 09043 उधना-जयनगर स्पेशल 7 नवंबर को रात 9 बजे उधना से रवाना होकर 9 नवंबर को सुबह 10 बजे जयनगर पहुंचेगी। वापसी में ट्रेन संख्या 09044 9 नवंबर को दोपहर 1 बजे जयनगर से रवाना होकर 11 नवंबर को रात 1:45 बजे उधना पहुंचेगी।

Advertisement

इसी तरह ट्रेन संख्या 09051 उधना-जयनगर स्पेशल 7 नवंबर को रात 10:30 बजे रवाना होकर 9 नवंबर को सुबह 11:30 बजे जयनगर पहुंचेगी। वापसी में ट्रेन संख्या 09052 9 नवंबर को दोपहर 2:30 बजे जयनगर से चलकर 11 नवंबर को सुबह 3:15 बजे उधना पहुंचेगी।

तीसरी ट्रेन संख्या 09057 उधना-जयनगर स्पेशल 8 नवंबर को दोपहर 3 बजे रवाना होकर 10 नवंबर को सुबह 4 बजे जयनगर पहुंचेगी। वापसी में ट्रेन संख्या 09058 10 नवंबर को सुबह 7 बजे जयनगर से रवाना होकर 11 नवंबर को शाम 7:45 बजे उधना पहुंचेगी।

झंझारपुर और मधुबनी के लिए भी ट्रेन

ट्रेन संख्या 09053 उधना-झंझारपुर स्पेशल 8 नवंबर को सुबह 3:30 बजे उधना से रवाना होकर 9 नवंबर को शाम 4 बजे झंझारपुर पहुंचेगी। वापसी में ट्रेन संख्या 09054 9 नवंबर को शाम 7 बजे झंझारपुर से रवाना होकर 11 नवंबर को सुबह 8:15 बजे उधना पहुंचेगी।

वहीं, ट्रेन संख्या 09055 उधना-मधुबनी स्पेशल 8 नवंबर को सुबह 7 बजे रवाना होकर 9 नवंबर को शाम 7 बजे मधुबनी पहुंचेगी। वापसी में ट्रेन संख्या 09056 9 नवंबर को रात 11:30 बजे मधुबनी से चलकर 11 नवंबर को सुबह 11:45 बजे उधना पहुंचेगी।

कई प्रमुख स्टेशनों पर होगा ठहराव

इन ट्रेनों का ठहराव चलथान, बारडोली, नंदुरबार, भुसावल, खंडवा, इटारसी, जबलपुर, कटनी, सतना, मानिकपुर, प्रयागराज छिवकी, पंडित दीनदयाल उपाध्याय जंक्शन, बक्सर, आरा, दानापुर, पाटलिपुत्र, हाजीपुर, मुजफ्फरपुर, समस्तीपुर और दरभंगा सहित प्रमुख स्टेशनों पर होगा। झंझारपुर जाने वाली ट्रेन सकरी स्टेशन पर रुकेगी। मधुबनी जाने वाली ट्रेन का निर्धारित अंतिम ठहराव दरभंगा होगा, जबकि जयनगर जाने वाली ट्रेनें मधुबनी स्टेशन पर भी रुकेंगी।

जनरल टिकट पर कर सकेंगे यात्रा

त्योहारी सीजन में सूरत और उधना से बिहार तथा पूर्वी उत्तर प्रदेश जाने वाले यात्रियों की संख्या बढ़ने से रेल सेवाओं पर दबाव है। ऐसे में सामान्य श्रेणी के डिब्बों वाली इन विशेष ट्रेनों से उन यात्रियों को अतिरिक्त विकल्प मिलेगा, जिन्हें नियमित ट्रेनों में कन्फर्म टिकट नहीं मिल पा रहा है। अनारक्षित होने के कारण यात्री सामान्य टिकट लेकर सफर कर सकेंगे।

पढ़ने के लिए धन्यवाद

आपका समय और भरोसा हमारे लिए बहुत मायने रखता है। अगर यह खबर आपके लिए उपयोगी रही, तो हमसे जुड़े रहें — हर ज़रूरी खबर के लिए Newsam को फ़ॉलो करें।

Advertisement
↑
Tap to Refresh