नौपाड़ा शॉपिंग फेस्टिवल के शुभारंभ पर व्यापारियों ने मुख्यमंत्री सूखा राहत निधि में योगदान देकर सामाजिक जिम्मेदारी निभाई।
राहुल गुप्ता
ठाणे, 5 नवंबर। दिवाली की रौनक के बीच नौपाड़ा के व्यापारियों ने सामाजिक जिम्मेदारी निभाते हुए सूखा प्रभावित किसानों की मदद के लिए 4 लाख 1 हजार रुपये का योगदान दिया है। शॉपिंग फेस्टिवल के अवसर पर व्यापारी मंडल की ओर से मुख्यमंत्री सूखा राहत निधि के लिए यह धनराशि चेक के माध्यम से सौंपी गई।
नौपाड़ा और गोखले रोड ठाणे के प्रमुख व्यापारिक केंद्रों में शामिल हैं। दिवाली के दौरान इन बाजारों में खरीदारी के लिए बड़ी संख्या में ग्राहक पहुंचते हैं। हर साल ग्राहकों को आकर्षित करने के लिए व्यापारी मंडल की ओर से रोशनी, सजावट और विभिन्न छूट के साथ शॉपिंग फेस्टिवल आयोजित किया जाता है। इस बार व्यापार को बढ़ावा देने के साथ-साथ सूखा प्रभावित किसानों की मदद को भी इस आयोजन का हिस्सा बनाया गया है।
आकर्षक सजावट और ऑफर्स से सजा बाजार
नौपाड़ा व्यापारी मंडल की ओर से आयोजित ‘नौपाड़ा शॉपिंग फेस्टिवल 2026’ का शुभारंभ गोखले रोड पर के.के. टेलीकॉम के पास विधायक संजय केलकर ने किया। बाजार में अलग-अलग वेशभूषा वाले कार्टून पात्रों की चलती-फिरती झांकियां बच्चों और ग्राहकों का ध्यान आकर्षित कर रही हैं। दिवाली की खरीदारी के लिए गोखले रोड का बाजार पूरी तरह सज चुका है।
इस बाजार में इलेक्ट्रॉनिक सामान, कपड़े, सोने-चांदी के आभूषण और वाहन खरीदने के लिए बड़ी संख्या में ग्राहक पहुंचते हैं। इस बार फेस्टिवल के दौरान व्यापारियों की ओर से विभिन्न वस्तुओं पर आकर्षक छूट और ऑफर्स दिए जा रहे हैं। खास तौर पर सोने-चांदी के आभूषणों की बनवाई पर छूट देने की भी घोषणा की गई है।
व्यापारी मंडल ने किसानों के लिए जुटाई मदद
बाजार में कारोबार को बढ़ावा देने के साथ सामाजिक सरोकारों को प्राथमिकता देते हुए व्यापारी मंडल ने सूखा प्रभावित किसानों के लिए 4 लाख 1 हजार रुपये की आर्थिक सहायता दी। यह पहल व्यापारी मंडल के अध्यक्ष मितेश शाह के प्रयासों से की गई।
शहर में पानी की उपलब्धता बढ़ाने के प्रयास
इस अवसर पर शिवसेना के ठाणे महानगरपालिका में समूह नेता पवन कदम ने शहर की जलापूर्ति से जुड़े मुद्दों पर भी जानकारी दी। उन्होंने कहा कि नई इमारतों के निर्माण में पीने के पानी का इस्तेमाल करना उचित नहीं है, लेकिन निर्माण पूरा होने के बाद वहां रहने वाले नागरिकों को पीने का पानी उपलब्ध कराना भी जरूरी है।
उन्होंने बताया कि नए आवासीय प्रोजेक्टों को पानी उपलब्ध कराने के लिए महानगरपालिका विभिन्न विकल्पों पर विचार कर रही है। जल्द ही इस समस्या का समाधान निकालकर शहर में पर्याप्त पानी उपलब्ध कराने का प्रयास किया जाएगा। इसके अलावा शहर की पुरानी कुओं की सफाई कर उनके पानी को इस्तेमाल के योग्य बनाने की दिशा में भी काम किया जा रहा है।
पढ़ने के लिए धन्यवाद
आपका समय और भरोसा हमारे लिए बहुत मायने रखता है। अगर यह खबर आपके लिए उपयोगी रही, तो हमसे जुड़े रहें — हर ज़रूरी खबर के लिए Newsam को फ़ॉलो करें।
