फडणवीस और अमित शाह पर निशाना; गृह मंत्री के इस्तीफे की मांग, महाराष्ट्र में कानून-व्यवस्था बिगड़ने का आरोप
न्यूज़म ब्यूरो
मुंबई, 4 नवंबर। शिवसेना उद्धव बालासाहेब ठाकरे ने महाराष्ट्र में कानून-व्यवस्था की स्थिति को लेकर केंद्र और राज्य सरकार पर तीखा हमला बोला है। पार्टी ने आरोप लगाया कि लॉरेंस बिश्नोई गैंग के नाम पर व्यापारियों, बिल्डरों, फिल्मी हस्तियों और निर्माताओं को धमकियां मिल रही हैं। हालात ऐसे हैं कि महानायक अमिताभ बच्चन को भी बुलेटप्रूफ कांच के सुरक्षा घेरे में रहकर प्रशंसकों का अभिवादन करना पड़ रहा है। पार्टी ने इसे मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह की विफलता बताया है।
‘पिंजरे में बच्चन’ शीर्षक से संपादकीय
शिवसेना-यूबीटी के मुखपत्र ‘सामना’ में अमिताभ बच्चन की बुलेटप्रूफ ग्लास के भीतर से प्रशंसकों का अभिवादन करते हुए तस्वीर प्रकाशित कर ‘पिंजरे में बच्चन!’ शीर्षक से संपादकीय लिखा गया है। इसमें कहा गया है कि यह मौजूदा प्रशासन में कानून-व्यवस्था के चरमराने का संकेत है। संपादकीय में अमित शाह और देवेंद्र फडणवीस पर निशाना साधते हुए सार्वजनिक सुरक्षा की स्थिति को चिंताजनक बताया गया है।
बिश्नोई गैंग के नेटवर्क पर सवाल
संपादकीय में आरोप लगाया गया है कि लॉरेंस बिश्नोई का नेटवर्क बिना किसी डर के काम कर रहा है। पार्टी ने अभिनेता टाइगर श्रॉफ की गाड़ी के पास हुई गोलीबारी और नागपुर में सर्राफा व्यापारियों से रंगदारी मांगने की घटनाओं का हवाला देते हुए सवाल किया कि फिल्मी हस्तियां, बड़े कारोबारी और आम नागरिक आखिर कब तक डर के माहौल में रहेंगे। यह भी आरोप लगाया गया कि गृह मंत्रालय के आदेश के कारण राज्य पुलिस साबरमती जेल में बंद बिश्नोई को हिरासत में नहीं ले पा रही है, जिससे उसे सुरक्षा मिल रही है।
सत्ताधारी नेताओं की सुरक्षा पर भी निशाना
संपादकीय में कहा गया कि एक ओर सत्ताधारी नेता भारी पुलिस सुरक्षा के बीच रैलियां कर रहे हैं, वहीं दूसरी ओर आम नागरिक, बिल्डर और फिल्मी हस्तियां असुरक्षित महसूस कर रहे हैं। पार्टी ने सवाल उठाया कि सरकार कितने लोगों को विशेष सुरक्षा दे सकती है। संपादकीय में कहा गया कि जो प्रशासन नागरिकों की रक्षा और अपराधी नेटवर्क पर अंकुश लगाने में नाकाम है, वह अपना नैतिक अधिकार खो चुका है। शिवसेना-यूबीटी ने अमित शाह के इस्तीफे की मांग भी की है।
पढ़ने के लिए धन्यवाद
आपका समय और भरोसा हमारे लिए बहुत मायने रखता है। अगर यह खबर आपके लिए उपयोगी रही, तो हमसे जुड़े रहें — हर ज़रूरी खबर के लिए Newsam को फ़ॉलो करें।
