Listen to this article
पंचकूला के विकास को अब मिलेगी नई रफ्तार, एसीएस अपूर्व कुमार सिंह ने शहर के विकास कार्यों की विस्तार से की समीक्षा
एचएसवीपी सेक्टर -1 एमडीसी में राजीव गांधी वॉकर्स पार्क करेगा विकसित, सेक्टर 32 में लगभग 173.48 करोड़ रुपये की लागत से वर्ल्ड क्लास शूटिंग रेंज का निर्माण प्रगति पर
पंचकूला 27 नवंबर- पंचकूला के विकास को और गति मिलने जा रही है। मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी के निर्देशानुसार नगर एवं ग्राम आयोजना विभाग के अतिरिक्त मुख्य सचिव श्री ए.के. सिंह ने आज पंचकूला महानगर विकास प्राधिकरण (पीएमडीए), हरियाणा शहरी विकास प्राधिकरण और नगर निगम पंचकूला के वरिष्ठ अधिकारियों के साथ एक उच्च स्तरीय बैठक की अध्यक्षता की। उन्होंने अधिकारियों से मिलकर काम करने का आग्रह किया, ताकि पंचकूला को नागरिकों के लिए एक बेहतर और आधुनिक शहर बनाया जा सके।
सेक्टर-1 स्थित पीडब्ल्यूडी रेस्ट हाउस में आयोजित बैठक की अध्यक्षता करते हुए श्री ए.के. सिंह ने स्पष्ट किया कि पंचकूला के विकास के लिए फंड की कोई कमी नहीं है। विभिन्न विभागों, विकास प्राधिकरणों और जिला प्रशासन के बीच बेहतर तालमेल सुनिश्चित करने के उद्देश्य से, श्री ए.के. सिंह को जिला पंचकूला के विकास मामलों का इंचार्ज नियुक्त किया गया है।
….विकास के प्रमुख मुद्दों पर चर्चा
एक घंटे से ज्यादा चली बैठक में विकास के प्रमुख मुद्दों पर विस्तार से चर्चा हुई। बैठक में पीएमडीए के मुख्य कार्यकारी अधिकारी श्री के. मकरंद पांडुरंग, हरियाणा शहरी विकास प्राधिकरण, पंचकूला के मुख्य प्रशासक श्री चंद्रशेखर खरे, नगर निगम आयुक्त श्री आर.के. सिंह, उपायुक्त श्री सतपाल शर्मा और पीएमडीए के अतिरिक्त सीईओ श्री विनय कुमार मौजूद थे।
श्री ए.के. सिंह ने विभिन्न विभागों के बीच तालमेल के महत्व पर जोर दिया
विभिन्न विभागों के बीच आपसी तालमेल और सामजस्य के महत्व पर जोर देते हुए श्री ए.के. सिंह ने अधिकारियों को अगले दो दिनों में हरियाणा शहरी विकास प्राधिकरण और नगर निगम, पंचकूला द्वारा पीएमडीए को सौंपे जाने वाले विकास कार्यों और संपत्तियों का ब्यौरा उन्हें सौंपने के निर्देश दिए। नगर निगम ने कुल 30.84 किलोमीटर लंबाई वाली 38 सड़कें और एचएसवीपी ने 16.35 किलोमीटर लंबाई वाली 20 सड़कें पीएमडीए को सौंप दी हैं। उन्होंने निर्देश दिया कि सर्विस रोड का डिफेक्ट लायबिलिटी पीरियड आदि का पूरा रिकॉर्ड भी पीएमडीए को स्थानांतरित किया जाए।
बैठक में यह भी निर्णय लिया गया कि सेक्टर 1 एमडीसी में राजीव गांधी वॉकर्स पार्क को एचएसवीपी द्वारा अपने फंड से विकसित करेगा और प्रोजेक्ट के लिए ड्रॉइंग पीएमडीए द्वारा उपलब्ध करवाई जाएगी।
सड़क और राउंडअबाउट्स की सुंदरता व रखरखाव के लिए निर्देश
अतिरिक्त मुख्य सचिव श्री ए.के. सिंह ने पंचकूला में सभी राउंडअबाउट्स (चौराहों) की सुंदरता और उनके नियमित रखरखाव के लिए एक व्यापक कार्य योजना तैयार करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि प्रत्येक राउंडअबाउट पर फूलों और हरे भरे पौधों की खास किस्म लगाई जाए, ताकि हर चौराहा एक अलग और सौंदर्यपूर्ण दृष्टि प्रस्तुत करे।
साथ ही, उन्होंने शहर की सड़कों की स्थिति की समीक्षा करते हुए निर्देश दिए कि सभी सड़कों का नियमित रखरखाव हो। इसके तहत थर्मोप्लास्टिक पेंट के साथ साफ लेन मार्किंग की व्यवस्था सुनिश्चित की जाए, जिससे गाड़ियों की आवाजाही आसान और सुरक्षित हो।
एचएसवीपी के संपदा अधिकारी जल्द करेंगे एसटीपी निर्माण हेतु फिज़िबिलिटी स्टडी
बैठक के दौरान, सेक्टर 5C एमडीसी में 6 एमएलडी क्षमता वाला सीवरेज ट्रीटमेंट प्लांट (एसटीपी), सेक्टर 7 एमडीसी में 6 एमएलडी तथा सेक्टर 16 17 (राजीव इंद्रा कॉलोनी) के लिए 10 एमएलडी एसटीपी बनाने के प्रस्ताव पर विस्तार से चर्चा हुई। अतिरिक्त मुख्य सचिव श्री ए.के. सिंह ने हरियाणा शहरी विकास प्राधिकरण (एचएसवीपी) के संपदा अधिकारी श्री मानव मलिक को निर्देश दिया कि वे इन परियोजनाओं के लिए तत्काल फिज़िबिलिटी स्टडी तैयार करें और उपयुक्त भूमि की पहचान करें।
सेक्टर-32 में लगभग 173.48 करोड़ रुपये की लागत से वर्ल्ड क्लास शूटिंग रेंज बनाने का कार्य प्रगति पर : श्री के. मकरंद पांडुरंग
पंचकूला महानगर विकास प्राधिरण के मुख्य कार्यकारी अधिकारी श्री के मकरंद पांडुरंग ने बताया कि पांच राउंड अबाउट – गीता चौक, शहीद उधम सिंह चौक, श्री गुरु रविदास चौक, महाराजा अग्रसेन चौक, और शहीद मेजर संदीप सागर चौक पर मौसमी फूलों का प्लांटेशन शुरू हो चुका है। बाकी चैराहों पर अभी फूलों की क्यारियां तैयार की जा रही हैं। सभी चैराहों पर प्लांटेशन का काम दिसंबर 2025 तक पूरा कर दिया जाएगा।
उन्होंने कहा कि पीएमडीए द्वारा सेक्टर-डिवाइडिंग सड़कों के सेंट्रल वर्ज की नियमित मरम्मत की जा रही है। कुल 94 किलोमीटर लंबी सडकों में से लगभग 10 किलोमीटर लंबे फुटपाथों को कुछ जगहों पर मरम्मत की आवश्यकता है। काम का एस्टीमेट तैयार किया जा रहा है और उम्मीद है कि यह कार्य दो महीने में शुरू हो जाएगा। इसके अलावा, हाल ही में सात सड़कों पर फुटपाथ की सफाई और किनारों की पेंटिंग की गई है।
उन्होंने बताया कि सेक्टर-32 में विश्व स्तरीय शूटिंग रेंज बनाने का काम चल रहा है। इस प्रतिष्ठित शूटिंग रेंज के निर्माण के लिए पीएमडीए द्वारा लगभग 173.48 करोड़ रुपये की राशि मंजूरी की गई है।
बैठक में एचएसवीपी के मुख्य अभियंता श्री ए शर्मा, अतिरिक्त मुख्य अभियंता श्री राजीव शर्मा, अधीक्षक अभियंता श्री अशोक राणा और श्री पवन वर्मा के अलावा पीएमडीए, एचएसवीपी और नगर निगम के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित थे।
What are your
Feelings