Follow

लाल थैली में छिपाकर ले जा रहे थे ऐसा नशा, कीमत जानकर पुलिस भी रह गई हैरान

पुलिस ने दो युवकों को गिरफ्तार कर उनके पास से करीब 66 लाख रुपये का हाइड्रो गांजा बरामद किया है। दोनों आरोपी सातारा जिले के रहने वाले हैं।

मुंबई। अंधेरी पूर्व के एमआईडीसी इलाके में हाइड्रो गांजा बेचने के इरादे से पहुंचे सातारा जिले के दो युवकों को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। उनके पास से 1 किलो 896 ग्राम हाइड्रो गांजा बरामद किया गया है, जिसकी अनुमानित कीमत 66 लाख 36 हजार रुपये बताई गई है। पुलिस ने 29 अक्टूबर की रात पेपर बॉक्स रोड स्थित जेके इंडस्ट्रियल एस्टेट परिसर में यह कार्यवाही की।

पुलिस को देखकर भागने की कोशिश

एमआईडीसी पुलिस की टीम इलाके में गश्त कर रही थी। इसी दौरान रात करीब 7:50 बजे दो युवक संदिग्ध हालत में घूमते दिखाई दिए। पुलिस ने उन्हें रोकने की कोशिश की तो दोनों भागने लगे। इनमें से एक युवक ने अपने हाथ में मौजूद लाल रंग की प्लास्टिक की थैली छिपाकर भागने का प्रयास किया।

हालांकि, पुलिस ने दोनों को पकड़ लिया। पूछताछ के दौरान वे शुरुआत में संतोषजनक जवाब नहीं दे सके। इसके बाद पुलिस ने उनके पास मौजूद थैली की तलाशी ली, जिसमें हाइड्रो गांजा मिला।

Advertisement

66 लाख रुपये से ज्यादा कीमत का नशा बरामद

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान ओंकार राजेंद्र पवार (28) और पियूष मधुकर घोंगडे (22) के रूप में हुई है। दोनों सातारा जिले के रहने वाले हैं। पुलिस के मुताबिक, वे इस मादक पदार्थ को बिक्री, परिवहन और कारोबार के उद्देश्य से अपने पास रखे हुए थे।

इस मामले में एमआईडीसी अंधेरी पुलिस थाने में केस दर्ज किया गया है।

नशे की सप्लाई और खरीदारों की तलाश

पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि आरोपियों को हाइड्रो गांजा कहां से मिला था और वे इसे मुंबई में किसे बेचने के लिए लाए थे। इसके अलावा इस कारोबार के पीछे किसी बड़े नेटवर्क की भूमिका है या नहीं, इसकी भी जांच की जा रही है।

पढ़ने के लिए धन्यवाद

आपका समय और भरोसा हमारे लिए बहुत मायने रखता है। अगर यह खबर आपके लिए उपयोगी रही, तो हमसे जुड़े रहें — हर ज़रूरी खबर के लिए Newsam को फ़ॉलो करें।

Advertisement
↑
Tap to Refresh