Follow

विधानसभा में हार पर मतदाता वृद्धि पर सवाल, मनपा जीत में वही सही कैसे? : बारोट

भाजपा महामंत्री ने बविआ प्रमुख हितेंद्र ठाकुर के आरोपों पर उठाए सवाल

2024 में नालासोपारा में 89,449 मतदाता बढ़ने का किया उल्लेख

न्यूज़म ब्यूरो

मुंबई, 28 अक्टूबर। नालासोपारा विधानसभा क्षेत्र में मतदाताओं की बढ़ती संख्या और चुनावी नतीजों को लेकर भाजपा और बहुजन विकास आघाड़ी (बविआ) के बीच बयानबाजी तेज हो गई है। भाजपा के जिला महामंत्री मनोज बारोट ने बविआ प्रमुख और पूर्व विधायक हितेंद्र ठाकुर पर दोहरा रुख अपनाने का आरोप लगाया है। उन्होंने सवाल किया कि यदि 2024 के विधानसभा चुनाव में मतदाताओं की बढ़ी संख्या पर संदेह है, तो 2026 के महानगरपालिका चुनाव में वही बढ़ोतरी स्वीकार्य कैसे हो गई?

हाल ही में हितेंद्र ठाकुर ने आरोप लगाया था कि यदि वोट चोरी नहीं हुई होती, तो भाजपा वसई और नालासोपारा विधानसभा क्षेत्रों में चुनाव नहीं जीत पाती। इसके जवाब में बारोट ने प्रेस विज्ञप्ति जारी कर मतदाता संख्या में वृद्धि और पिछले चुनावों के आंकड़ों का हवाला दिया।

Advertisement

17 साल में करीब तीन लाख मतदाता बढ़े

बारोट के अनुसार, 2009 में निर्वाचन क्षेत्र के परिसीमन के बाद से नालासोपारा में मतदाताओं की संख्या लगातार बढ़ी है। इसी अवधि में बविआ उम्मीदवार क्षितिज ठाकुर को मिलने वाले वोटों में भी वृद्धि हुई। उन्होंने बताया कि 2024 के विधानसभा चुनाव में 89,449 मतदाता बढ़ने के बाद कुल संख्या 6,08,609 हो गई थी। इस चुनाव में क्षितिज ठाकुर को 1,28,238 वोट मिले, लेकिन भाजपा के राजन नाईक ने उन्हें पराजित कर दिया।

चुनावी नतीजों के बाद बदला रुख?

भाजपा नेता ने दावा किया कि 2024 के विधानसभा चुनाव में हार के बाद मतदाता सूची पर सवाल उठाए जाने लगे, जबकि इससे पहले मतदाताओं की बढ़ती संख्या पर आपत्ति नहीं जताई गई थी। बारोट ने सवाल किया कि महानगरपालिका चुनाव में बविआ की जीत से पहले मतदाताओं की संख्या में हुई वृद्धि पर भी क्या वही संदेह जताया जाएगा?

उन्होंने कहा कि पिछले 17 वर्षों में क्षेत्र में करीब तीन लाख मतदाता बढ़े हैं। बारोट ने हितेंद्र ठाकुर के पूर्व बयान का भी उल्लेख किया, जिसमें उन्होंने वसई-विरार क्षेत्र में तेजी से बढ़ती आबादी की बात कही थी। भाजपा नेता के मुताबिक, आबादी बढ़ने के साथ मतदाताओं की संख्या बढ़ना स्वाभाविक है।

केवल नालासोपारा पर आरोप क्यों?

बारोट ने कहा कि 2024 के विधानसभा चुनाव में बविआ को वसई से हितेंद्र ठाकुर, नालासोपारा से क्षितिज ठाकुर और बोईसर से राजेश पाटील की सीटों पर हार का सामना करना पड़ा था। उन्होंने सवाल उठाया कि पार्टी की तीनों सीटों पर हार के बावजूद केवल नालासोपारा में मतचोरी का आरोप क्यों लगाया जा रहा है। बारोट ने इसे क्षितिज ठाकुर के राजनीतिक भविष्य से जोड़ते हुए हितेंद्र ठाकुर पर निशाना साधा।

पढ़ने के लिए धन्यवाद

आपका समय और भरोसा हमारे लिए बहुत मायने रखता है। अगर यह खबर आपके लिए उपयोगी रही, तो हमसे जुड़े रहें — हर ज़रूरी खबर के लिए Newsam को फ़ॉलो करें।

Advertisement
↑
Tap to Refresh