Follow

सोनिया गांधी की आत्मकथा ‘बिलॉन्गिंग’ की पहली झलक आई सामने, प्यार, परिवार और अपनों को खोने की कहानी

कांग्रेस की वरिष्ठ नेता ने साझा किया वीडियो, किताब में इटली में बीते बचपन से लेकर राजीव गांधी से मुलाकात और निजी जीवन के भावुक अनुभवों का जिक्र।

राहुल गुप्ता

नई दिल्ली, 22 अक्टूबर। कांग्रेस की वरिष्ठ नेता सोनिया गांधी ने अपनी आत्मकथा ‘बिलॉन्गिंग: अ जर्नी ऑफ लव’ की पहली झलक का वीडियो साझा किया है। उन्होंने इंस्टाग्राम पर इस किताब की घोषणा करते हुए खुशी जताई और कहा कि यह प्यार, कर्तव्य, अपनों को खोने के दर्द और जीवन में अपनी जगह तलाशने की कहानी है।

सोनिया गांधी ने अपने संदेश में लिखा, “नमस्ते सभी को, आप सबके साथ इस पल को साझा करते हुए मुझे बहुत खुशी हो रही है। पेश है ‘बिलॉन्गिंग: अ जर्नी ऑफ लव’ की पहली झलक। यह प्यार, कर्तव्य, नुकसान और अपनी जगह खोजने की कहानी है। मुझे इसे आप सबके साथ साझा करने का बेसब्री से इंतजार है।”

इटली में बचपन से भारत तक के सफर का जिक्र

Advertisement

इस आत्मकथा में सोनिया गांधी के जीवन के कई अहम पड़ाव शामिल हैं। किताब में दूसरे विश्व युद्ध के बाद इटली में बीते उनके बचपन, कैम्ब्रिज में राजीव गांधी से मुलाकात और उनके बीच पनपे प्रेम की कहानी को जगह दी गई है। यही रिश्ता उन्हें भारत लेकर आया और उनके जीवन की दिशा बदल गई।

किताब में उनकी सास और पूर्व प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी तथा पति राजीव गांधी की हत्या से जुड़े निजी और भावनात्मक अनुभवों का भी जिक्र है। इसमें बताया गया है कि अपनों को खोने के दुख ने सोनिया गांधी के जीवन और भारत के साथ उनके रिश्ते को किस तरह प्रभावित किया।

कांग्रेस की सबसे लंबे समय तक अध्यक्ष रहीं 79 वर्षीय सोनिया गांधी ने इस किताब में अपने जीवन के महत्वपूर्ण अनुभवों और यादों को साझा किया है।

सोनिया गांधी का इंस्टा पर डेब्यू, पहले वीडियो में अपनी किताब को किया शेयर

राहुल गांधी ने भी जताई खुशी

सोनिया गांधी की आत्मकथा को लेकर लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने भी खुशी जाहिर की थी। पूर्व प्रधानमंत्री राजीव गांधी की 82वीं जयंती के अवसर पर उन्होंने अपनी मां की किताब का उल्लेख करते हुए कहा कि उन्हें गर्व है कि उनकी मां की कहानी उन लाखों लोगों तक पहुंचेगी, जो उनसे प्यार करते हैं।

राहुल गांधी ने कहा कि सोनिया गांधी स्वभाव से निजी जीवन को सार्वजनिक करने से बचती रही हैं। ऐसे में अपनी जिंदगी की कहानी दुनिया के सामने रखना उनके लिए आसान नहीं रहा होगा।

उन्होंने भावुक अंदाज में कहा कि राजीव गांधी के जन्मदिन पर उन्हें ऐसा महसूस हो रहा है, मानो उनके पिता मुस्कुराते हुए गर्व से अपनी प्यारी सोनिया को देख रहे हों।

पढ़ने के लिए धन्यवाद

आपका समय और भरोसा हमारे लिए बहुत मायने रखता है। अगर यह खबर आपके लिए उपयोगी रही, तो हमसे जुड़े रहें — हर ज़रूरी खबर के लिए Newsam को फ़ॉलो करें।

Advertisement
↑
Tap to Refresh