Listen to this article
चंडीगढ़/देहरादून, 24 नवंबर। विधिक विशेषज्ञता, सामाजिक समर्पण और जनहित में सक्रिय भूमिका निभाने वाले अधिवक्ता तनुज गोयल जैन को महत्वपूर्ण जिम्मेदारी मिली है। उन्हें उत्तराखंड अल्पसंख्यक आयोग के माननीय सदस्य डॉ. सुरेन्द्र जैन का कानूनी सचिव नियुक्त किया गया है। यह नियुक्ति अधिवक्ता गोयल की व्यापक विधिक विशेषज्ञता और समाजसेवा के प्रति उनके सतत प्रयासों को देखते हुए की गई है।
अधिवक्ता तनुज गोयल जैन (पंजाब एवं हरियाणा उच्च न्यायालय एवं सर्वोच्च न्यायालय, भारत) की यह नियुक्ति कानूनी और सामाजिक दोनों ही क्षेत्रों में युवा नेतृत्व के बढ़ते महत्व को दर्शाती है। आयोग के सदस्य डॉ. सुरेन्द्र जैन ने इस अवसर पर कहा कि, “अधिवक्ता तनुज गोयल जैन जैसे युवा, ऊर्जावान और संवेदनशील विधिक व्यक्तित्व का साथ आयोग के कार्यों को नई दिशा और सशक्त दृष्टि देगा।”
यह जिम्मेदारी मिलने पर अधिवक्ता गोयल ने अपनी प्रतिक्रिया में कहा, “माननीय डॉ. सुरेन्द्र जैन जैसे प्रेरणादायी व्यक्तित्व के साथ कार्य करने का अवसर मेरे लिए गौरव का विषय है। मैं समाज के वंचित और अल्पसंख्यक वर्गों की विधिक सहायता के लिए सदैव तत्पर रहूंगा।”
कानूनी मोर्चे पर सक्रियता के अलावा, अधिवक्ता तनुज गोयल जैन समाजसेवा के क्षेत्र में भी एक जाना-पहचाना नाम हैं। वह 'फ्रेंड्स टू हेल्प' नामक राष्ट्रव्यापी स्वैच्छिक रक्तदान अभियान के संस्थापक हैं। उनके असाधारण योगदान के लिए उन्हें संयुक्त राष्ट्र स्वयंसेवक पुरस्कार (UN Volunteer Award) सहित कई प्रतिष्ठित राष्ट्रीय सम्मानों से नवाजा जा चुका है।
गोयल वर्तमान में महाराजा अग्रसेन विश्वविद्यालय और अग्रवाल समाज के तीर्थ स्थान अग्रोहा विकास ट्रस्ट में भी राष्ट्रीय कार्यकारिणी के मुख्य कानूनी सलाहकार के रूप में सेवाएं दे रहे हैं। वह उच्च न्यायालय लीगल सर्विस कमेटी में पैनल अधिवक्ता भी हैं और समय-समय पर आमजन से जुड़े सामाजिक मुद्दों को उठाकर कानूनी माध्यमों से समाधान सुनिश्चित करने तथा जरूरतमंद विद्यार्थियों को उच्च शिक्षा हेतु प्रोत्साहित करने के लिए भी जाने जाते हैं।
What are your
Feelings