राहुल गुप्ता
नई दिल्ली, 6 अक्टूबर। इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) 2027 से पहले दिल्ली कैपिटल्स ने बड़ा फैसला लिया है। फ्रेंचाइजी ने भारतीय टीम के पूर्व कप्तान और दिग्गज क्रिकेटर सौरव गांगुली को अपना नया मुख्य कोच नियुक्त किया है। दिल्ली कैपिटल्स ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट कर इसकी आधिकारिक जानकारी दी।
गांगुली लंबे समय से दिल्ली कैपिटल्स से जुड़े रहे हैं और टीम के साथ अलग-अलग भूमिकाएं निभा चुके हैं। हालांकि, यह पहली बार है जब वह फ्रेंचाइजी के मुख्य कोच की जिम्मेदारी संभालेंगे। वह हेमांग बदानी की जगह लेंगे, जिन्होंने पिछले 2 सीजन तक टीम के मुख्य कोच के रूप में काम किया था।
दिल्ली कैपिटल्स ने कहा- अब दादागिरी का समय
दिल्ली कैपिटल्स ने गांगुली की नियुक्ति की घोषणा करते हुए एक्स पर लिखा, “दिल्ली, यह दादागिरी का समय है।”
फ्रेंचाइजी के चेयरमैन और सह-मालिक पार्थ जिंदल ने कहा कि सौरव गांगुली हमेशा से दिल्ली कैपिटल्स परिवार का अभिन्न हिस्सा रहे हैं। उन्होंने कहा कि भारत के सबसे महान कप्तानों में से एक अब दिल्ली कैपिटल्स के मुख्य कोच के रूप में कोचिंग की दुनिया में कदम रख रहे हैं और उन्हें इस नियुक्ति की घोषणा करते हुए गर्व महसूस हो रहा है।
गांगुली ने कहा- नए सीजन के लिए उत्साहित हूं
मुख्य कोच बनाए जाने के बाद सौरव गांगुली ने कहा कि वह आईपीएल में मुख्य कोच की भूमिका निभाने के लिए बेहद उत्सुक हैं। उन्होंने दिल्ली कैपिटल्स को अपने दिल के करीब बताते हुए कहा कि टीम के साथ उनका मजबूत रिश्ता है।
गांगुली ने कहा कि टीम के पास बेहद प्रतिभाशाली खिलाड़ियों का समूह है और हाल के समय में उसने बेहतरीन क्रिकेट खेली है। उन्होंने नए सीजन में एक मजबूत और निडर टीम तैयार करने के लिए पूरे स्क्वाड के साथ काम करने की उम्मीद जताई।
2019 से दिल्ली कैपिटल्स से जुड़े हैं गांगुली
सौरव गांगुली 2019 से दिल्ली कैपिटल्स से जुड़े हुए हैं। वह फ्रेंचाइजी में पुरुष और महिला दोनों टीमों के क्रिकेट डायरेक्टर की भूमिका निभा चुके हैं। अब उन्हें टीम की कोचिंग की जिम्मेदारी भी मिल गई है।
मुख्य कोच के रूप में गांगुली का यह पहला आईपीएल कार्यकाल होगा। हालांकि, उन्हें कोचिंग का अनुभव है। उन्होंने पिछले साल दक्षिण अफ्रीका की टी-20 लीग (SA20) में प्रिटोरिया कैपिटल्स के मुख्य कोच के रूप में काम किया था और उनकी टीम फाइनल तक पहुंची थी।
पुराने सपोर्ट स्टाफ में भी बदलाव
गांगुली की नियुक्ति के साथ दिल्ली कैपिटल्स ने अपने कोचिंग स्टाफ में भी बड़े बदलाव किए हैं। फ्रेंचाइजी ने हेमांग बदानी के अलावा टीम निदेशक वेणुगोपाल राव, गेंदबाजी कोच मुनाफ पटेल और सहायक कोच इयान बेल को भी बरकरार नहीं रखा है।
अब गांगुली अपनी पसंद का नया सपोर्ट स्टाफ तैयार कर सकते हैं। चर्चा है कि भारत के पूर्व दिग्गज ऑलराउंडर युवराज सिंह भी दिल्ली कैपिटल्स के कोचिंग ग्रुप का हिस्सा बन सकते हैं।
अक्षर, राहुल और पंत के साथ नई चुनौती
IPL 2027 में गांगुली दिल्ली कैपिटल्स के मजबूत कोर ग्रुप के साथ काम करेंगे। टीम में कप्तान अक्षर पटेल, अनुभवी बल्लेबाज केएल राहुल और लखनऊ सुपर जायंट्स से वापस लौटे ऋषभ पंत जैसे बड़े नाम शामिल हैं। अब गांगुली के सामने इस टीम को खिताबी सफलता तक पहुंचाने की चुनौती होगी।
पढ़ने के लिए धन्यवाद
आपका समय और भरोसा हमारे लिए बहुत मायने रखता है। अगर यह खबर आपके लिए उपयोगी रही, तो हमसे जुड़े रहें — हर ज़रूरी खबर के लिए Newsam को फ़ॉलो करें।
