किसानों के लिए 40 हजार करोड़ देने की मांग
रीमा सिंह
मुंबई, 22 सितंबर।
कुंभ मेले के खर्च को कम कर सूखाग्रस्त किसानों के लिए राशि उपलब्ध कराने की मांग को लेकर भाजपा प्रदेश मुख्य प्रवक्ता नवनाथ बन ने शिवसेना (उद्धव बालासाहेब ठाकरे) नेता संजय राऊत पर निशाना साधा। मंगलवार को भाजपा प्रदेश कार्यालय में आयोजित पत्रकार परिषद में बन ने कहा कि महाविकास आघाड़ी सरकार के कार्यकाल में कोविड काल के दौरान कथित वसूली के आरोप लगाए गए थे। उन्होंने कहा कि उस दौरान जुटाई गई कथित 90 हजार करोड़ रुपये की राशि में से 40 हजार करोड़ रुपये मराठवाड़ा और विदर्भ के सूखाग्रस्त किसानों को देने की घोषणा उद्धव ठाकरे, शरद पवार और अनिल देशमुख को करनी चाहिए।
धार्मिक आयोजनों पर दोहरे मापदंड का आरोप
बन ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन के अवसर पर आयोजित सेवा गतिविधियों को लेकर राऊत की आलोचना पर भी प्रतिक्रिया दी। उन्होंने आरोप लगाया कि राऊत और उद्धव ठाकरे अन्य धार्मिक आयोजनों के खर्च पर सवाल नहीं उठाते, लेकिन हिंदू त्योहारों और आयोजनों को लेकर आपत्ति जताते हैं। बन ने कहा कि सरकारी खर्च को लेकर सवाल उठाना है तो सभी धार्मिक आयोजनों पर समान दृष्टिकोण होना चाहिए।
सूखे और किसानों पर सरकार का बचाव
बन ने कहा कि मराठवाड़ा, विदर्भ, सोलापुर के कुछ हिस्सों और उत्तर महाराष्ट्र में सूखे जैसी स्थिति है। उन्होंने दावा किया कि मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस के नेतृत्व वाली सरकार किसानों के लिए ठोस निर्णय ले रही है। उन्होंने पूर्व मुख्यमंत्री शरद पवार के कार्यकाल में सिंचाई व्यवस्था को लेकर भी सवाल उठाए।
रोहित पवार पर भी निशाना
रोहित पवार पर प्रतिक्रिया देते हुए बन ने कहा कि उन्हें सरकार या पोर्टल की चिंता करने के बजाय किसानों के मुद्दों पर ध्यान देना चाहिए। उन्होंने गन्ने के भाव और एफआरपी भुगतान को लेकर सवाल उठाते हुए रोहित पवार से जुड़े कारखाने पर किसानों के बकाये का आरोप लगाया। बन ने कहा कि पहले किसानों का बकाया चुकाया जाए और उसके बाद अन्य मुद्दों पर सवाल उठाए जाएं।
पढ़ने के लिए धन्यवाद
आपका समय और भरोसा हमारे लिए बहुत मायने रखता है। अगर यह खबर आपके लिए उपयोगी रही, तो हमसे जुड़े रहें — हर ज़रूरी खबर के लिए Newsam को फ़ॉलो करें।