स्टीफन फ्लेमिंग के लंबे कार्यकाल के बाद चेन्नई सुपर किंग्स ने जहीर खान को टीम की कमान सौंपी, पूर्व भारतीय तेज गेंदबाज अब आईपीएल 2027 में नई जिम्मेदारी संभालेंगे
राहुल गुप्ता
चेन्नई, 21 सितंबर।
आईपीएल 2027 से पहले चेन्नई सुपर किंग्स ने अपनी कोचिंग यूनिट में बड़ा बदलाव किया है। लंबे समय तक टीम के साथ जुड़े रहे स्टीफन फ्लेमिंग के हटने के बाद सीएसके ने भारत के पूर्व दिग्गज तेज गेंदबाज और 2011 विश्व कप विजेता टीम के अहम सदस्य जहीर खान को नया हेड कोच नियुक्त किया है।
जहीर खान अब आईपीएल 2027 में चेन्नई सुपर किंग्स के मुख्य कोच की जिम्मेदारी संभालेंगे। अपने 14 साल के अंतरराष्ट्रीय करियर में उन्होंने भारत के लिए 92 टेस्ट, 200 वनडे और 17 टी20 अंतरराष्ट्रीय मुकाबले खेले। आईपीएल में भी जहीर ने 100 मैच खेले हैं।
क्रिकेट से संन्यास लेने के बाद जहीर लगातार कोचिंग और खिलाड़ियों को तैयार करने से जुड़े रहे हैं। सीएसके की मालकिन रूपा गुरुनाथ और मैनेजिंग डायरेक्टर केएस विश्वनाथन ने जहीर का स्वागत करते हुए कहा कि वह दुनिया के बेहतरीन क्रिकेटिंग माइंड्स में से एक हैं। उन्होंने युवा गेंदबाजों को तैयार करने की जहीर की क्षमता पर भी भरोसा जताया।
जहीर खान ने जाहिर की खुशी
सीएसके का हेड कोच बनने के बाद जहीर खान ने भी टीम के साथ काम करने को लेकर खुशी जाहिर की। उन्होंने कहा कि आईपीएल इतिहास की सबसे सफल और दिग्गज टीमों में से एक का हिस्सा बनना उनके लिए सम्मान की बात है।
जहीर ने कहा कि अपने खेल करियर के दौरान उन्होंने मैदान पर कई बार सीएसके के खिलाफ मुकाबला किया है। चेपॉक के प्रशंसकों के जुनून को करीब से महसूस करने और टीम के साथ नई भूमिका में काम करने को लेकर वह उत्साहित हैं।
धोनी के साथ बनेगी नई रणनीति
जहीर खान की नियुक्ति के बाद अब सभी की नजरें सीएसके की नई रणनीति पर हैं। टीम में एमएस धोनी की मौजूदगी के बीच जहीर की कोच के तौर पर भूमिका अहम रहने वाली है।
पिछले कुछ समय से संघर्ष कर रही चेन्नई सुपर किंग्स की टीम अब नए कोचिंग सेटअप के साथ आईपीएल 2027 में उतरने की तैयारी कर रही है। जहीर के अनुभव और गेंदबाजों को तैयार करने की उनकी विशेषज्ञता से टीम को नई दिशा मिलने की उम्मीद है।
पढ़ने के लिए धन्यवाद
आपका समय और भरोसा हमारे लिए बहुत मायने रखता है। अगर यह खबर आपके लिए उपयोगी रही, तो हमसे जुड़े रहें — हर ज़रूरी खबर के लिए Newsam को फ़ॉलो करें।
