त्योहारी सीजन में यात्रियों की अतिरिक्त भीड़ को देखते हुए लिया गया निर्णय
रीमा सिंह
मुंबई,18 सितंबर।
आगामी त्योहारों के दौरान यात्रियों की बढ़ती भीड़ को देखते हुए पश्चिम रेलवे ने तीन जोड़ी स्पेशल ट्रेनों के फेरों का विस्तार किया है। इससे यात्रियों को विभिन्न गंतव्यों के बीच आवागमन में सुविधा मिलेगी। पश्चिम रेलवे ने इन ट्रेनों के संचालन की अवधि बढ़ाने के साथ कुछ ट्रेनों के टर्मिनल और समय में भी बदलाव किया है।
असारवा–आगरा कैंट स्पेशल के फेरे बढ़े
ट्रेन संख्या 01909 असारवा–आगरा कैंट स्पेशल के फेरे 24 नवंबर 2026 तक तथा ट्रेन संख्या 01910 आगरा कैंट–असारवा स्पेशल के फेरे 23 नवंबर 2026 तक बढ़ाए गए हैं।
असारवा–कानपुर सेंट्रल स्पेशल भी चलेगी दिसंबर तक
ट्रेन संख्या 01906 असारवा–कानपुर सेंट्रल स्पेशल के फेरे 1 दिसंबर 2026 तक विस्तारित किए गए हैं। इसी प्रकार ट्रेन संख्या 01905 कानपुर सेंट्रल–असारवा स्पेशल 30 नवंबर 2026 तक चलेगी।
प्रयागराज–गांधीग्राम स्पेशल का टर्मिनल बदला
गांधीग्राम स्टेशन पर प्लेटफॉर्म की सीमाओं के कारण 4 अक्टूबर 2026 से ट्रेन संख्या 04112 गांधीग्राम–प्रयागराज द्वि-साप्ताहिक स्पेशल साबरमती स्टेशन से चलेगी और ट्रेन संख्या 04180 साबरमती–प्रयागराज द्वि-साप्ताहिक स्पेशल के रूप में संचालित होगी। इसी तरह 3 अक्टूबर 2026 से ट्रेन संख्या 04111 प्रयागराज–गांधीग्राम द्वि-साप्ताहिक स्पेशल साबरमती स्टेशन पर समाप्त होगी और ट्रेन संख्या 04179 प्रयागराज–साबरमती द्वि-साप्ताहिक स्पेशल के रूप में चलेगी।
साबरमती और प्रयागराज के बीच समय निर्धारित
ट्रेन संख्या 04180 साबरमती से 17.45 बजे रवाना होकर अगले दिन 20.00 बजे प्रयागराज पहुंचेगी। वहीं ट्रेन संख्या 04179 प्रयागराज से 16.00 बजे रवाना होकर अगले दिन 15.40 बजे साबरमती पहुंचेगी। महेसाणा और फतेहपुर के बीच इन ट्रेनों के समय और ठहराव में कोई बदलाव नहीं किया गया है।
01906 के समय में भी संशोधन
टूंडला स्टेशन पर प्लेटफॉर्म की सीमाओं को देखते हुए 6 अक्टूबर 2026 से ट्रेन संख्या 01906 असारवा–कानपुर सेंट्रल स्पेशल के टूंडला, फिरोजाबाद और इटावा स्टेशनों पर समय में संशोधन किया गया है। ट्रेन संख्या 01909, 01906 और 04180 के विस्तारित फेरों की बुकिंग 19 सितंबर 2026 से सभी यात्री आरक्षण प्रणाली (पीआरएस) काउंटरों और आईआरसीटीसी की वेबसाइट पर शुरू होगी।
पढ़ने के लिए धन्यवाद
आपका समय और भरोसा हमारे लिए बहुत मायने रखता है। अगर यह खबर आपके लिए उपयोगी रही, तो हमसे जुड़े रहें — हर ज़रूरी खबर के लिए Newsam को फ़ॉलो करें।