न्यूज़म ब्यूरो
मुंबई, 17 सितंबर।
‘कबाली’, ‘काला’, ‘सरपट्टा परंबराई’ और ‘थंगलान’ जैसी फिल्मों के निर्देशक पा. रंजीत ने अपनी पहली पैन-इंडिया फिल्म ‘वेट्टुवम’ का ऐलान कर दिया है। निर्माताओं ने फिल्म का पहला पोस्टर जारी किया है, जिसने इसकी कहानी और दुनिया को लेकर दर्शकों की उत्सुकता बढ़ा दी है। फिल्म से जुड़ी अहम जानकारी 18 सितंबर 2026 को दोपहर 12 बजे सामने आएगी। निर्माताओं ने इसे ‘वेट्टुवम की दुनिया’ से परिचय कराने वाला खास खुलासा बताया है।
फिल्म के पोस्टर में पारंपरिक भारतीय खेल मल्लखंब की झलक दिखाई देती है। ऐसे में माना जा रहा है कि फिल्म की कहानी का संबंध इस पारंपरिक खेल और भारतीय संस्कृति से हो सकता है। मल्लखंब भारत की पारंपरिक खेल विधा है, जिसमें खिलाड़ी खड़े खंभे के आसपास विभिन्न शारीरिक मुद्राओं और कलाबाजियों का प्रदर्शन करते हैं। हालांकि, फिल्म की कहानी और किरदारों को लेकर निर्माताओं ने फिलहाल कोई आधिकारिक जानकारी साझा नहीं की है।
‘वेट्टुवम’ तमिल के साथ तेलुगु, हिंदी, मलयालम और कन्नड़ भाषाओं में पैन-इंडिया स्तर पर रिलीज होगी। फिल्म को बड़े पैमाने पर तैयार किया जा रहा है। अब 18 सितंबर को दोपहर 12 बजे होने वाले खुलासे में फिल्म की कहानी, कलाकारों और इसकी दुनिया से जुड़ी अन्य जानकारियां सामने आने की उम्मीद है।
पढ़ने के लिए धन्यवाद
आपका समय और भरोसा हमारे लिए बहुत मायने रखता है। अगर यह खबर आपके लिए उपयोगी रही, तो हमसे जुड़े रहें — हर ज़रूरी खबर के लिए Newsam को फ़ॉलो करें।