भाजपा युवा मोर्चा अध्यक्ष कृष्णराज महाडिक का आह्वान
रीमा सिंह
मुंबई , 17 सितंबर।
समाज और राष्ट्र निर्माण के लिए एकजुट होकर काम करने का संदेश देने वाली ‘सेवा संकल्प अभियान’ के तहत आयोजित वडनगर-वाराणसी और वाराणसी-वडनगर सेवा यात्रा में महाराष्ट्र के युवा बड़ी संख्या में शामिल हों, ऐसा आह्वान भाजपा युवा मोर्चा के अध्यक्ष कृष्णराज महाडिक ने गुरुवार को किया। भाजपा प्रदेश कार्यालय में आयोजित पत्रकार परिषद में उन्होंने यह जानकारी दी।
मोदी के 25 वर्ष के कार्यकाल से युवा पीढ़ी को प्रेरणा : महाडिक
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को जन्मदिन की शुभकामनाएं देते हुए महाडिक ने कहा कि शासन प्रमुख के रूप में मोदी के 25 वर्ष के कार्यकाल से युवा पीढ़ी को प्रेरणा मिली है। इसी उद्देश्य से भाजपा युवा मोर्चा की ओर से राष्ट्रीय स्तर पर सेवा यात्रा का आयोजन किया जा रहा है। देशभर से युवा मोर्चा के हजारों पदाधिकारी और कार्यकर्ता इसमें शामिल होंगे।
20 मार्गों से निकलेगी यात्रा
महाडिक के अनुसार, वडनगर-वाराणसी और वाराणसी-वडनगर दोनों दिशाओं में यात्रा के लिए कुल 20 अलग-अलग मार्ग तय किए गए हैं। प्रत्येक मार्ग पर 25 मोटरसाइकिल सवार और 50 सेवा यात्री शामिल होंगे। वडनगर नरेंद्र मोदी की जन्मभूमि है, जबकि वाराणसी उनका लोकसभा क्षेत्र है। इसी कारण दोनों स्थानों को जोड़ते हुए यात्रा का आयोजन किया गया है।
नदियों के जल से काशी विश्वनाथ और हटकेश्वर महादेव का जलाभिषेक
गुजरात के वडनगर से निकलने वाले सभी मार्ग गुजरात की पवित्र नदियों का जल लेकर वाराणसी पहुंचेंगे। वहां काशी विश्वनाथ धाम में जलाभिषेक किया जाएगा। वहीं उत्तर प्रदेश से निकलने वाले सभी मार्ग उत्तर प्रदेश की पवित्र नदियों का जल लेकर गुजरात पहुंचेंगे, जहां हटकेश्वर महादेव मंदिर में जलाभिषेक किया जाएगा।
10 राज्यों के 193 जिलों से गुजरेगी यात्रा
महाडिक ने बताया कि ‘एक भारत, श्रेष्ठ भारत’ का संदेश युवाओं तक पहुंचाने के उद्देश्य से देश के विभिन्न राज्यों और संस्कृतियों से जुड़े युवा इस यात्रा में भाग लेंगे। यात्रा महाराष्ट्र, गुजरात, राजस्थान, हरियाणा, दिल्ली, उत्तर प्रदेश, मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़, झारखंड और बिहार सहित 10 राज्यों से होकर गुजरेगी। इस दौरान 193 जिले, 773 तहसील और 1,159 गांव कवर किए जाएंगे। महाराष्ट्र में यात्रा नंदुरबार, अमरावती, वर्धा, भंडारा, गोंदिया और नागपुर जिलों से सितंबर के अंतिम सप्ताह में गुजरेगी।
यात्रा के दौरान 20 से 25 सामाजिक उपक्रम
महाडिक ने कहा कि यात्रा का उद्देश्य केवल गांव-गांव पहुंचना नहीं, बल्कि प्रत्येक स्थान पर किसी न किसी रूप में सामाजिक सेवा करना है। इसी वजह से इसे ‘सेवा यात्रा’ नाम दिया गया है। यात्रा के दौरान करीब 20 से 25 प्रकार के सामाजिक उपक्रम किए जाएंगे। इनमें पौधारोपण, स्वच्छता अभियान, नशामुक्त भारत और टीबी मुक्त भारत जैसे अभियान शामिल हैं। साधु-संतों तथा सफाई कर्मचारियों का सम्मान भी किया जाएगा।
जरूरतमंदों की मदद और जल संरक्षण पर जोर
यात्रा के दौरान जल संरक्षण तथा प्लास्टिक मुक्त अभियान को लेकर युवाओं में जागरूकता पैदा की जाएगी। इसके अलावा जरूरतमंद विद्यार्थियों को शैक्षणिक सहायता, अनाज एवं फल वितरण तथा मरीजों की मदद जैसे सामाजिक कार्य भी किए जाएंगे। महाडिक ने बताया कि इन उपक्रमों में मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस, भाजपा प्रदेशाध्यक्ष रवींद्र चव्हाण और युवा मोर्चा के राष्ट्रीय अध्यक्ष हेमांग जोशी भी शामिल होंगे।
17 सितंबर से 7 अक्टूबर तक चलेगी यात्रा
महाडिक ने बताया कि महाराष्ट्र के 50 युवा इस यात्रा में शामिल होने के लिए वडनगर पहुंच चुके हैं। गुरुवार सुबह शुरू हुई यह यात्रा विभिन्न राज्यों में युवाओं से संवाद करते हुए राष्ट्र निर्माण का संदेश पहुंचाने का प्रयास करेगी। उन्होंने महाराष्ट्र सहित देशभर के युवक-युवतियों से 17 सितंबर से 7 अक्टूबर तक चलने वाली इस यात्रा में शामिल होकर सेवा और संपर्क का अवसर प्राप्त करने का आह्वान किया।
पढ़ने के लिए धन्यवाद
आपका समय और भरोसा हमारे लिए बहुत मायने रखता है। अगर यह खबर आपके लिए उपयोगी रही, तो हमसे जुड़े रहें — हर ज़रूरी खबर के लिए Newsam को फ़ॉलो करें।
