Follow

भारत सरकार ने बोत्सवाना भेजीं अंबाला में बनी 10 टन एंटीरेट्रोवायरल दवाएं : छिब्बर

अम्बाला की Mcneil & Argus Pharmaceuticals Limited ने किया निर्माण

न्यूज़म ब्यूरो

अंबाला, 16 सितम्बर। भारत ने ग्लोबल साउथ के देशों के साथ स्वास्थ्य क्षेत्र में सहयोग को मजबूत करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम उठाते हुए मंगलवार को बोत्सवाना को एचआईवी/एड्स के इलाज के लिए करीब 10 टन एंटीरेट्रोवायरल दवाएं भेजीं। इन दवाओं का निर्माण हरियाणा के अंबाला स्थित Mcneil & Argus Pharmaceuticals Limited द्वारा किया गया है।

कंपनी के चेयरमैन डॉ. भाई गुरुदेव दत्त छिब्बर ने इसे भारत और अंबाला के लिए गौरव का विषय बताया। उन्होंने कहा कि भारत अब उन देशों को आवश्यक जीवनरक्षक दवाएं उपलब्ध कराने की दिशा में आगे बढ़ रहा है, जहां पहले ऐसी दवाओं के लिए अन्य देशों पर निर्भरता रहती थी।

Advertisement

डॉ. छिब्बर ने बताया कि भारत द्वारा बोत्सवाना को भेजी गई ये दवाएं करोड़ों रुपये मूल्य की हैं और इन्हें सहायता के तौर पर भेजा गया है। उन्होंने कहा कि इस पहल से भारत और बोत्सवाना के बीच स्वास्थ्य क्षेत्र में सहयोग और आपसी संबंध और मजबूत होंगे।

उन्होंने बताया कि दवाओं को बोत्सवाना भेजने से पहले वहां निर्धारित गुणवत्ता मानकों और आवश्यक परीक्षणों से गुजरना पड़ा। सभी जरूरी प्रक्रियाएं पूरी होने और मंजूरी मिलने के बाद ही दवाओं की आपूर्ति की गई।

डॉ. छिब्बर के मुताबिक, इन दवाओं का उद्देश्य बोत्सवाना के सार्वजनिक स्वास्थ्य तंत्र को सहयोग देना और एचआईवी/एड्स से प्रभावित लोगों तक आवश्यक उपचार पहुंचाने में मदद करना है।

उन्होंने कहा कि यह पहल केवल दवाओं की आपूर्ति तक सीमित नहीं है, बल्कि यह भारत की फार्मास्युटिकल क्षमता और ग्लोबल साउथ के देशों के साथ स्वास्थ्य सहयोग की प्रतिबद्धता को भी दर्शाती है।

इस उपलब्धि को लेकर भारत सरकार के विदेश मंत्री डॉक्टर जयशंकर ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर कहा, ‘एचआईवी/एड्स के इलाज के लिए बोत्सवाना के पब्लिक हेल्थ सिस्टम को सपोर्ट करने के मकसद से आज वहां 10 टन एंटी-रेट्रोवायरल दवाएं भेजी गईं। यह ‘ग्लोबल साउथ’ के हमारे साथियों के साथ हेल्थ के क्षेत्र में सहयोग को मजबूत करने की हमारी प्रतिबद्धता को दिखाता है।

बोत्सवाना दुनिया के प्रमुख हीरा उत्पादक देशों में शामिल है और इसकी अर्थव्यवस्था में हीरा उद्योग की महत्वपूर्ण भूमिका है।”

 

पढ़ने के लिए धन्यवाद

आपका समय और भरोसा हमारे लिए बहुत मायने रखता है। अगर यह खबर आपके लिए उपयोगी रही, तो हमसे जुड़े रहें — हर ज़रूरी खबर के लिए Newsam को फ़ॉलो करें।

Advertisement
↑
Tap to Refresh