Follow

जन्माष्टमी पर शेयर बाजार में लौटी रौनक, सेंसेक्स 504 अंक उछला; निफ्टी भी हरे निशान में खुला

Rahul Gupta

मुंबई, 4 सितंबर।

श्रीकृष्ण जन्माष्टमी के दिन भारतीय शेयर बाजार में रौनक लौट आई है। लगातार चार कारोबारी सत्र की गिरावट के बाद शुक्रवार को सेंसेक्स और निफ्टी हरे निशान में खुले। बीएसई का 30 शेयरों वाला सेंसेक्स 504 अंकों की तेजी के साथ 76,657 के स्तर पर खुला। वहीं, एनएसई का 50 शेयरों वाला निफ्टी 37 अंकों की बढ़त के साथ 23,910 के स्तर पर कारोबार की शुरुआत करता नजर आया।

जन्माष्टमी के बावजूद शुक्रवार को एनएसई और बीएसई पर सामान्य दिनों की तरह कारोबार हो रहा है। कारोबार शुरू होने से पहले गिफ्ट निफ्टी का रुझान भी बाजार में सकारात्मक शुरुआत के संकेत दे रहा था। इससे पहले गुरुवार को सेंसेक्स 417 अंक टूटकर 76,152 के स्तर पर बंद हुआ था, जबकि निफ्टी 50 में 41 अंकों की गिरावट दर्ज की गई और यह 23,873 पर बंद हुआ था।

सेंसेक्स के लिए 76,650-77,000 का स्तर अहम

चॉइस इक्विटी ब्रोकिंग के वीपी टेक्निकल रिसर्च सचिन गुप्ता के मुताबिक, सेंसेक्स को प्रमुख मूविंग एवरेज के नीचे दबाव का सामना करना पड़ रहा है। उनके अनुसार, 75,500-75,800 का सपोर्ट जोन बाजार के स्थिर होने के लिए महत्वपूर्ण रहेगा।

Advertisement

उन्होंने कहा कि अगर सेंसेक्स 76,650-77,000 के स्तर के ऊपर टिककर रिकवरी करता है तो बाजार को राहत मिल सकती है और निकट अवधि के रुझान में सुधार के संकेत मिल सकते हैं।

निफ्टी के लिए 23,800 का स्तर महत्वपूर्ण

एचडीएफसी सिक्योरिटीज के वरिष्ठ तकनीकी अनुसंधान विश्लेषक नागराज शेट्टी ने कहा कि निफ्टी 50 बुधवार की बढ़त के बाद गुरुवार को उस तेजी को कायम रखने में विफल रहा। कमजोर कारोबार के बीच इंडेक्स करीब 40 अंक नीचे बंद हुआ।

उनके मुताबिक, निफ्टी में 23,800 के नीचे निर्णायक गिरावट आती है तो यह 23,600 के अगले सपोर्ट स्तर की ओर जा सकता है। यह स्तर 15 जून के शुरुआती अपसाइड गैप के आसपास है। वहीं, तेजी की स्थिति में 24,100 का स्तर तत्काल प्रतिरोध के रूप में काम कर सकता है।

बैंक निफ्टी लंबे समय से सीमित दायरे में

एसबीआई सिक्योरिटीज के तकनीकी और डेरिवेटिव रिसर्च प्रमुख सुदीप शाह के अनुसार, बैंक निफ्टी ने गुरुवार का कारोबार सकारात्मक रुख के साथ समाप्त किया। हालांकि, पिछले 21 कारोबारी सत्रों से इंडेक्स सीमित दायरे में बना हुआ है और करीब 1,254 अंकों के बैंड में उतार-चढ़ाव कर रहा है।

उन्होंने कहा कि 57,900-58,000 का जोन बैंक निफ्टी के लिए तत्काल प्रतिरोध क्षेत्र है। वहीं, गिरावट की स्थिति में 56,900-56,800 का जोन महत्वपूर्ण सपोर्ट स्तर बना हुआ है।

लगातार चार दिन की गिरावट के बाद बाजार को राहत

भारतीय शेयर बाजार इससे पहले लगातार चार कारोबारी सत्रों में गिरावट के साथ बंद हुआ था। ऐसे में शुक्रवार की शुरुआती तेजी निवेशकों के लिए राहत लेकर आई है। हालांकि, तकनीकी विश्लेषकों के मुताबिक बाजार की आगे की दिशा के लिए सेंसेक्स के 76,650-77,000 और निफ्टी के 24,100 जैसे प्रमुख स्तरों पर नजर बनी रहेगी।

पढ़ने के लिए धन्यवाद

आपका समय और भरोसा हमारे लिए बहुत मायने रखता है। अगर यह खबर आपके लिए उपयोगी रही, तो हमसे जुड़े रहें — हर ज़रूरी खबर के लिए Newsam को फ़ॉलो करें।

Advertisement
Tap to Refresh