युवाओं की सकारात्मक ऊर्जा व जागरूकता ही नशामुक्त एवं सशक्त भारत की आधारशिला
नशा मुक्त युवा-विकसित भारत अभियान के अंतर्गत जिला स्तरीय प्रतियोगिताओं का हुआ सफल आयोजन
प्रतिभागियों ने अपनी प्रतिभा का उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए नशामुक्त समाज के निर्माण का दिया प्रभावी संदेश
न्यूज़म ब्यूरो
पंचकूला, 6 अगस्त। युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय, भारत सरकार के अंतर्गत मेरा युवा भारत, जिला पंचकूला द्वारा नशा मुक्त युवा-विकसित भारत अभियान के तहत राजकीय मॉडल संस्कृति वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय, सेक्टर-26 में जिला स्तरीय प्रतियोगिताओं का आयोजन सफलतापूर्वक संपन्न हुआ।
इस मौके पर कार्यक्रम के मुख्य अतिथि आईटीबीपी के रिटायर्ड आईजी ईश्वर सिंह दुहन रहे, जबकि विशिष्ट अतिथि के रूप में दिनेश कुमार, राज्य एनएसएस अधिकारी हरियाणा उपस्थित रहे। कार्यक्रम में जिला प्रारंभिक शिक्षा अधिकारी, जिला शिक्षा अधिकारी तथा दलजीत सिंह (सेवानिवृत्त), पूर्व प्राचार्य, राजकीय पॉलिटेक्निक, सेक्टर-26, पंचकूला ने भी अपनी गरिमामयी उपस्थिति दर्ज कराई।
कार्यक्रम के दौरान नशा मुक्त युवा-विकसित भारत अभियान के अंतर्गत 8 विभिन्न प्रतियोगिताओं एवं गतिविधियों का आयोजन किया गया, जिनमें जिले के विभिन्न विद्यालयों के विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। प्रतिभागियों ने अपनी प्रतिभा का उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए नशामुक्त समाज के निर्माण का प्रभावी संदेश दिया।
इस अवसर पर आईटीबीपी के रिटायर्ड आईजी ईश्वर सिंह दुहन ने अपने संबोधन में युवाओं से नशे से दूर रहकर स्वस्थ जीवनशैली अपनाने तथा विकसित भारत के निर्माण में सक्रिय योगदान देने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि युवाओं की सकारात्मक ऊर्जा और जागरूकता ही नशामुक्त एवं सशक्त भारत की आधारशिला है।
कार्यक्रम के अंत में रेनू देवी, प्रोग्राम असिस्टेंट, मेरा युवा भारत ने सभी मुख्य अतिथियों, विशिष्ट अतिथियों, अधिकारियों, विद्यालय प्रशासन, निर्णायक मंडल, शिक्षकों, स्वयंसेवकों एवं प्रतिभागियों का कार्यक्रम को सफल बनाने में दिए गए सहयोग के लिए धन्यवाद ज्ञापित किया। इस अवसर पर विभिन्न प्रतियोगिताओं के विजेताओं को स्मृति चिन्ह एवं प्रशस्ति-पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम का सफल संचालन एवं आयोजन विद्यालय प्रशासन तथा मेरा युवा भारत, पंचकूला के संयुक्त प्रयासों से संपन्न हुआ।
पढ़ने के लिए धन्यवाद
आपका समय और भरोसा हमारे लिए बहुत मायने रखता है। अगर यह खबर आपके लिए उपयोगी रही, तो हमसे जुड़े रहें — हर ज़रूरी खबर के लिए Newsam को फ़ॉलो करें।



